कॉमनवेल्थ गेम्स अभियान की शुरुआत, टीम इंडिया को मिली यादगार विदाई

0

नई दिल्ली : भारत एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा और ताकत का प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। देश के खिलाड़ी अब स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में होने वाले 2026 राष्ट्रमंडल खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगे की शान बढ़ाएंगे। इस खास मौके पर भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को भारतीय दल के खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए भव्य विदाई समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों के लिए तैयार की गई आधिकारिक सेरेमोनियल और प्रतियोगिता किट भी जारी की गई, जिसे वे ग्लास्गो में होने वाली प्रतियोगिताओं के दौरान पहनेंगे।

इस समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा, भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह मौजूद रहे। खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगी स्टाफ और अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, ‘‘हमारे खिलाड़ी नए भारत की खेल प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और आकांक्षाओं के प्रतीक हैं। मैं सभी खिलाड़ियों से कहना चाहता हूं कि वे बिना किसी डर के खेलें, खेल भावना का सम्मान करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।’’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 23 जुलाई से होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के बारे में मनसुख मांडविया ने कहा, ‘‘ग्लास्गो में हमारे सर्वश्रेष्ठ खेलों में से दस नहीं है, लेकिन खेल तो खेल है। हमें यकीन है कि हमारे खिलाड़ी पूरे उत्साह से खेलेंगे और देश को गौरवान्वित करके विश्व खेल जगत में भारत की छवि और मजबूत करेंगे।’’ कार्यक्रम में खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय दल के चीफ-डि-मिशन रोहित राजपाल और डिप्टी चीफ-डि-मिशन रवि बंगानी भी मौजूद रहे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा, ‘‘आज भारतीय खेलों के लिए एक नए गौरवशाली अध्याय की शुरुआत है। भारत की जर्सी पहनने वाले हर खिलाड़ी ने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और त्याग के दम पर यह मौका हासिल किया है। जब वे ग्लास्गो के लिए रवाना होंगे तो उनके साथ 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीदें और हमारे खेल मूल्यों की पहचान भी जाएगी।’’

विदाई समारोह के दौरान भारतीय दल की आधिकारिक किट का अनावरण किया गया। खिलाड़ियों ने रैंप वॉक कर सेरेमोनियल और प्रतियोगिता दोनों तरह की ड्रेस का प्रदर्शन किया। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की यह आधिकारिक किट प्रसिद्ध डिजाइनर आकिब वानी ने तैयार की है, जबकि इसे जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने तैयार किया है। इस किट की डिजाइन थीम ‘इनविजिबल ट्रैजेक्ट्रीज’ यानी उन अनदेखे सफर और संघर्षों से प्रेरित है, जिनसे गुजरकर खिलाड़ी सफलता तक पहुंचते हैं।

भारत बन रहा वैश्विक खेलों का प्रमुख केंद्र: मनसुख मांडविया

इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने वैश्विक खेल समुदाय में भारत के बढ़ते कद की बानगी इससे मिलती है कि भारत में होने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की संख्या बढ़ती जा रही है। भारत ने पिछले कुछ अर्से में कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी की है, जिसमें विश्व चैंपियनशिप भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मनुसख मांडविया ने कहा, ‘‘खेल आगे बढ़ रहा है। यही वजह है कि भारत पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा है। एक समय वह भी था जब महासंघ विश्व और अंतरराष्ट्रीय महासंघों से भारत में एशियाई खेल, एशियाई चैंपियनशिपस, विश्व चैंपियनशिप के आयोजन के लिए कहते थे लेकिन उन्हें भारत के सामर्थ्य पर संदेह रहता था।’’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मनसुख मांडविया ने कहा कि जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच भारत में 36 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया है। वहीं, वर्ष 2026 के शेष छह महीनों में नौ और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 2027 और 2028 के दौरान 19 प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी भारत करेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से वैश्विक खेल जगत में भारत की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। मांडविया ने भरोसा जताया कि सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर आवश्यक व्यवस्था कर रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here