नई दिल्ली : बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने गुरुवार (15 जनवरी) को अपने निदेशक एम नजमुल इस्लाम को भारत के साथ चल रहे विवाद को लेकर खिलाड़ियों के खिलाफ दिए गए उनके विवादित बयान पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। बोर्ड की उम्मीद है कि नाराज खिलाड़ियों की बहिष्कार की धमकी वापस लेने से BPL जैसी प्रमुख टी20 लीग को ठप होने से बचाया जा सके। इसी बीच नोआखली एक्सप्रेस और चट्टोग्राम रॉयल्स के बीच BPL मैच में गुरुवार को टॉस में देरी हुई, क्योंकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों टीमें निर्धारित समय पर स्टेडियम पर नहीं पहुंचीं। खिलाड़ियों ने चेतावनी दी है कि जब तक इस्लाम इस्तीफा नहीं देंगे, वे सभी प्रकार के क्रिकेट से बहिष्कार बनाए रखेंगे।
बीसीबी ने एक बयान में कहा, “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड हाल ही में एक सदस्य द्वारा किए गए विवादास्पद बयानों पर फिर से खेद व्यक्त करता है। बोर्ड उन टिप्पणियों से उठी चिंताओं को समझता है और पेशेवर आचार, खिलाड़ियों के सम्मान और क्रिकेट के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। …संबंधित सदस्य के खिलाफ औपचारिक अनुशासनात्मक प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और 48 घंटे के भीतर लिखित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए हैं।”
BCB विवाद का खुलासा
यह विवाद तब शुरू हुआ जब नजमुल ने कहा कि बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप में न खेलने से बोर्ड को वित्तीय नुकसान नहीं होगा। खिलाड़ियों को कोई मुआवजा नहीं दिया जाएगा, क्योंकि उन्होंने अबतक मिले सपोर्ट के हिसाब से प्रदर्शन नहीं किया है। बांग्लादेश अगले महीने से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप के मैच भारत में नहीं खेलने की जिद पर अड़ा है।
भारत में मैचों से साफ़ इंकार कर रहा बांग्लादेश
बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत का दौरा करने से इनकार किया है, क्योंकि BCCI के निर्देशों पर तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 की टीम से बाहर कर दिया था। बांग्लादेश अभी भी आईसीसी के साथ बातचीत कर रहा है ताकि कोई रास्ता निकाला जा सके। आईसीसी ने भारत में बांग्लादेश के चार मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने में हिचकिचाहट दिखाई है। बीसीबी ने कहा कि वह नजमुल से निपटेगा, लेकिन खिलाड़ियों से क्रिकेट का बहिष्कार न करने का आग्रह किया।
BCB ने दी प्रतिक्रिया
बीसीबी ने कहा, “इस मामले को उचित प्रक्रिया के तहत सुलझाया जाएगा और परिणामों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खिलाड़ियों को मुख्य हितधारक माना जाता है, और बीपीएल और बोर्ड के अंतर्गत होने वाली सभी क्रिकेट गतिविधियों की सफलता उन्हीं पर निर्भर है। बोर्ड को भरोसा है कि खिलाड़ी टूर्नामेंट को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहयोग देंगे और BPL 2026 को सुचारू रूप से जारी रखने में पेशेवर और जिम्मेदार रवैया अपनाएंगे।”
तमीम इकबाल पर विवादित बयान, नजमुल का आरोप
नजमुल इस्लाम ने पहले बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को “भारत का एजेंट” करार दिया था। तमीम ने इस विवाद पर कहा कि भारत के साथ मामलों में संयम बरतना चाहिए और चेतावनी दी कि आज किए गए फैसलों के असर अगले 10 साल तक महसूस होंगे। बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (CWAB) ने नजमुल के बयान को “पूरी तरह से निंदनीय” करार दिया था।

