नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर क्रिस श्रीकांत ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए तिलक वर्मा को भारतीय टी20 टीम का उप-कप्तान बनाए जाने को लेकर चयनकर्ताओं की आलोचना की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने तिलक वर्मा को यह जिम्मेदारी दिए जाने के फैसले पर सवाल उठाए और रजत पाटीदार को टीम में शामिल न किए जाने पर निराशा जताई। साथ ही, वॉशिंगटन सुंदर के चयन को लेकर भी उन्होंने अपनी चिंता व्यक्त की।
बीसीसीआई ने कुछ दिनों पहले ही आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टी20 टीम का ऐलान किया। आयरलैंड के खिलाफ भारत को 2 टी20 मैच खेलने हैं जिसकी शुरुआत 26 जून से होगी जबकि इंग्लैंड को भारत के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा लेना है। सूर्यकुमार यादव से भी कप्तानी ले ली गई और श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया।
तिलक वर्मा के पास कप्तानी का कोई अनुभव नहीं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि तिलक वर्मा के पास नेतृत्व का ज्यादा अनुभव नहीं है। उन्होंने एक बल्लेबाज के तौर पर तिलक के हालिया प्रदर्शन और प्रभाव पर भी सवाल उठाए। श्रीकांत के अनुसार, तिलक वर्मा ने कभी किसी टीम की कप्तानी नहीं की है और फिलहाल वह अच्छे फॉर्म में भी नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी कहा कि तिलक में बड़े शॉट खेलने की क्षमता सीमित है और वह आक्रामक बल्लेबाज की तरह गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह तहस-नहस नहीं कर सकते। उन्होंने आगे तुलना करते हुए कहा कि तिलक वर्मा, फिल सॉल्ट या रजत पाटीदार जैसे पावर-हिटर नहीं हैं। पिछले दो-तीन आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए भी उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, और उन्हें अपनी भूमिका में और अधिक प्रभावशाली पारियां खेलनी होंगी।
वॉशिंगटन सुंदर के चयन पर उठे सवाल
क्रिस श्रीकांत ने भारत की टी20 टीम में वॉशिंगटन सुंदर की जगह पर भी सवाल उठाए हैं। पूर्व चीफ सिलेक्टर का कहना है कि सुंदर अब बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में उतना योगदान नहीं दे रहे हैं और उन्हें मुख्य रूप से मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन सुंदर टीम में जगह पाने के हकदार नहीं हैं। श्रीकांत के अनुसार, वह गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी भी नहीं करते और अधिकतर मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं। इसी वजह से वह भारत के लिए सिर्फ एक स्टैंडबाय मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज बनकर रह गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रीकांत ने यह भी कहा कि जब वह न तो फ्रेंचाइजी क्रिकेट में नियमित गेंदबाजी कर रहे हैं और न ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, तो उन्हें ऑलराउंडर के रूप में पक्की जगह कैसे मिल रही है—यह एक बड़ा सवाल है।
आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपरः, इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, वैभव सूर्यवंशी, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, इशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, जसप्रीत बुमराह।


