नई दिल्ली : सूर्यकुमार यादव के लिए इस समय हालात ठीक नहीं चल रहे हैं। वह भारतीय टी20 टीम की कप्तानी पद पहले ही गंवा चुके हैं और इन दिनों टी20 मुंबई 2026 में ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन यहां भी उनकी टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। लीग के 18वें मैच में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने सूर्यकुमार यादव की टीम को 24 रन से मात दी, जिसकी कप्तानी शार्दुल ठाकुर के हाथों में थी।
टी20 मुंबई 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी काफी खराब रही है और ये टीम पिछले 5 में से 4 मैच गंवा चुकी है और सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। इस सीजन के 18वें मुकाबले में ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE का सामना ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के साथ हुआ जिसमें ट्रायम्फ्स नाइट्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए और इसके जवाब में ट्रायम्फ्स नाइट्स की टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर आउट हो गई।
साईराज पाटिल की शानदार अर्धशतकीय पारी
शार्दुल ठाकुर की टीम ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के लिए साईराज पाटिल ने शानदार पारी खेली और 46 गेंदों पर 69 रन बनाए जब शुरुआत बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया। इस टीम के विकेटकीपर शाश्वत जगताप ने 10 गेंदों पर तेज 29 रन की पारी खेली जबकि शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ एक रन बनाए। मनन भट्ट ने भी तेज पारी खेलते हुए 9 गेंदों पर 18 रन बनाए। ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE ने सिल्वेस्टर डिसूजा और मिनाद मांजरेकर ने 2-2 विकेट लिए।
सूर्यकुमार यादव की पारी रही फीकी
ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने निराश किया और 16 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए। परीक्षित वलसांगकर ने 20 गेंदों में 33 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन वे भी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। अखिल हेरवाडकर ने 33 रन जबकि नूतन कुमार गोयल ने 19 रन का योगदान दिया। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की ओर से अनुज गिरी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। अथर्व अंकोलेकर और अमर्त्य राजे ने 2-2 विकेट लेकर शानदार समर्थन दिया। इस हार के बाद ट्रायम्फ्स नाइट्स के 5 मैचों में केवल 2 अंक हैं और टीम अंकतालिका में 7वें स्थान पर बनी हुई है।


