रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) द्वारा पंजीकृत राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एसएसआईपीएमटी), रायपुर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन को दोहराते हुए पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया है। सीएसआईटी, दुर्ग द्वारा 5 और 6 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर के विभिन्न इंजीनियरिंग, फार्मेसी और पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों से 23 पुरुष और 12 महिला टीमों ने हिस्सा लिया था।
कड़े मुकाबलों के बीच एसएसआईपीएमटी रायपुर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में समीर मलिक, अनुरूप गभाने, सुहांश, नारायण सोयम और अभियंश यादव की टीम ने विपक्षियों को शिकस्त देकर खिताबी जीत दर्ज की। वहीं, महिला वर्ग में मीमांसा वर्मा, कृपा रायचुरा और तेजस्वी ने अपने बेहतरीन खेल के दम पर टीम को चैंपियन बनाया।
खेल सुविधाओं और निरंतर जीत का रहा है इतिहास
एसएसआईपीएमटी रायपुर का सीएसवीटीयू के खेल आयोजनों में दबदबा नया नहीं है। कॉलेज की टीमें पिछले कई वर्षों से लगातार सीएसवीटीयू की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपना परचम लहराती आ रही हैं। संस्था में मानकों के अनुरूप खेल सुविधाएं, आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट और खेल मैदान उपलब्ध हैं, जहां छात्रों को अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। यही कारण है कि अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी एसएसआईपीएमटी के छात्र लगातार शीर्ष पर बने हुए हैं।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक दोहरी खिताबी जीत पर संस्था के चेयरमैन (बीजी ) निशांत त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ. आलोक जैन और क्रीड़ा अधिकारी एम.एम. बेग ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सदैव विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। इस शानदार उपलब्धि पर पूरे महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।


