रायपुर : सीएसवीटीयू (CSVTU) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में एसएसआईपीएमटी (SSIPMT), रायपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। यह प्रतियोगिता 5 व 6 अक्टूबर 2026 को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, दुर्ग में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर के विभिन्न इंजीनियरिंग, फार्मेसी और पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों से 22 पुरुष और 12 महिला टीमों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबलों के बीच एसएसआईपीएमटी रायपुर की महिला टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, पुरुष टीम ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग में धारिणी साहू, नित्या तिवारी, स्वास्ति शर्मा, स्नेहा अग्रवाल और भूमिका अग्रवाल ने अपनी चालों से विरोधियों को पछाड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में पार्थ गुप्ता, गुंजन देवांगन, मोहित चौधरी, संस्कार शुक्ला और आदर्श दुबे की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीसरा स्थान अर्जित किया।
ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी के लिए चयन:
संस्थान के चार होनहार खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इनमें पुरुष वर्ग से गुंजन देवांगन और महिला वर्ग से धारिणी साहू, नित्या तिवारी व स्नेहा अग्रवाल शामिल हैं।
पढ़ाई के साथ खेलों को बढ़ावा देता है एसएसआईपीएमटी:
एसएसआईपीएमटी रायपुर हमेशा से ही अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास (Holistic Development) के लिए प्रतिबद्ध रहा है। संस्थान न केवल उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि छात्रों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, खेल मैदान और विशेष कोचिंग की सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है। कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि खेल से छात्रों में टीम भावना, मानसिक दृढ़ता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है, जो उनके शैक्षणिक व पेशेवर करियर में बेहद मददगार साबित होती है। खिलाड़ियों को उनके अभ्यास के लिए विशेष छूट और अकादमिक सहयोग भी दिया जाता है।
इस शानदार उपलब्धि पर संस्था के चेयरमैन निशांत त्रिपाठी (बीजी), प्राचार्य डॉ. आलोक जैन एवं क्रीड़ा अधिकारी एम.एम. बेग ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं कीं।


