नई दिल्ली: बिली जीन किंग कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में चेकिया (चेक गणराज्य) और स्पेन के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। चेकिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शुरुआती दोनों सिंगल्स मैच जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। पहले दो सिंगल्स मैच जीतकर चेकिया की टीम ने स्पेन के खिलाफ 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की और फाइनल में जगह बनाई। टेनिस फैंस ने VETO OTT पर इस मुकाबले का जमकर लुत्फ उठाया।
सेमीफाइनल का पहला सिंगल्स मैच चेकिया की मारी बौजकोवा (Marie Bouzkova) और स्पेन की जेसिका बाउजस मनेइरो (Jessica Bouzas Maneiro) के बीच खेला गया। इस मैच में मारी बौजकोवा ने अपनी बेहतरीन सर्विस और बेसलाइन खेल के दम पर स्पेन की जेसिका को 6-4, 7-5 से मात दी।
दूसरे सिंगल्स मैच में चेकिया की स्टार खिलाड़ी लिंडा नोस्कोवा (Linda Noskova) का सामना स्पेन की क्रिस्टिना बुक्सा (Cristina Bucsa) से हुआ। लिंडा नोस्कोवा ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और कोर्ट पर अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने पहले सेट में बुक्सा को कोई मौका नहीं दिया और आसानी से सेट जीत लिया। दूसरे सेट में क्रिस्टिना बुक्सा ने थोड़ा संघर्ष दिखाया, लेकिन नोस्कोवा ने अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए सीधे सेटों में यह मैच जीतकर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। लिंडा नोस्कोवा ने ये सेट 6-2, 7-6 से अपने नाम किया।
लगातार दोनों सिंगल्स मैच जीतने के साथ ही चेकिया की टीम ने स्पेन पर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत चेकिया ने फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। वहीं, 18 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंची स्पेन की टीम को हार का सामना करना पड़ा। चेकिया अब अपने 12वें बिली जीन किंग कप खिताब जीतने से महज एक कदम दूर है।


