नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन, 25 सितंबर शुक्रवार को भारत ने 1 स्वर्ण सहित कुल 6 पदक अपने नाम किए। इस दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया और पदक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की। भारत को पोल वॉल्ट में पहली बार एशियन गेम्स पदक मिला। तमिलनाडु की बारानिका एलांगोवान ने महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर भारतीय खेल इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। उनकी इस उपलब्धि के साथ एशियन गेम्स में पोल वॉल्ट में भारत के पदक का इंतजार भी समाप्त हो गया।
29 वर्षीय बारानिका ने कजाखस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ संयुक्त कांस्य पदक जीता क्योंकि दोनों 4.15 मीटर के सर्वश्रेष्ठ ‘क्लियरेंस’ और 4.25 मीटर पर समान संख्या में असफल प्रयासों के साथ बराबरी पर रहीं। यह पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत का अब तक का पहला पदक है। जापान की मिसाकी मोरोटा ने 4.55 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास से स्वर्ण जीता जबकि चीन की चुंगे निउ ने 4.50 से रजत पदक हासिल किया।
बारानिका का प्रयास उनके 4.23 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से कम था, लेकिन पोडियम स्थान हासिल करने के लिए काफी था। इस साल मार्च में बारानिका ने भुवनेश्वर में राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4.22 मीटर की ऊंचाई पार करके नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने मई में ‘इंडियन इंडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स और पोल वॉल्ट’ प्रतियोगिता में अपने ही रिकॉर्ड को 4.23 मीटर तक बेहतर किया था।
बारानिका एलांगोवान ने इस साल आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 4.20 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। तमिलनाडु की इस पोल वॉल्ट एथलीट को 2020 में चोट का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने रिहैबिलिटेशन के जरिए वापसी की। इसके बाद 2023 में वह भुवनेश्वर स्थित रिलायंस फाउंडेशन हाई परफॉर्मेंस सेंटर से जुड़ीं, जहां उन्होंने अपनी ट्रेनिंग को आगे बढ़ाया और प्रदर्शन में लगातार सुधार किया।
7वें दिन 6 पदकों से चमका भारत
भारत के लिए अब तक 7वां दिन अच्छा रहा है। भारत को दूसरा गोल्ड मेडल और शूटिंग से पहला स्वर्ण पदक मिला। सुरुचि सिंह फोगाट और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम फाइनल में 484.6 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं नीरज कुमार, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और रुद्राक्ष पाटिल की भारतीय तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट (शूटिंग) में सिल्वर मेडल जीता।
इसके अलावा टेबल टेनिस में भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। एथलेटिक्स में महिला शॉट पुट स्पर्धा में मनप्रीत कौर ने कांस्य पदक जीता, जबकि गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। दिन का छठा पदक बारानिका एलांगोवान ने महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में डाला।
एशियन गेम्स 2026 की मेडल टैली (25 सितंबर 2026, रात 8 बजे तक)
| रैंक | देश | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
| 1 | चीन | 98 | 37 | 24 | 159 |
| 2 | जापान | 28 | 43 | 44 | 115 |
| 3 | दक्षिण कोरिया | 13 | 17 | 34 | 64 |
| 4 | कजाकिस्तान | 8 | 8 | 14 | 30 |
| 5 | उज्बेकिस्तान | 7 | 15 | 9 | 31 |
| 6 | थाइलैंड | 7 | 6 | 8 | 21 |
| 7 | ईरान | 6 | 11 | 7 | 24 |
| 8 | हॉन्गकॉन्ग | 4 | 11 | 11 | 26 |
| 9 | उत्तर कोरिया | 4 | 3 | 3 | 11 |
| 10 | बहरीन | 4 | 2 | 2 | 8 |
| 11 | मलेशिया | 4 | 1 | 5 | 10 |
| 12 | भारत | 2 | 9 | 12 | 23 |
| 13 | चीनी ताइपे | 2 | 5 | 16 | 23 |
| 14 | फिलीपींस | 2 | 2 | 5 | 9 |
| 15 | कतर | 2 | 2 | 1 | 5 |


