नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने वनडे क्रिकेट की ICC बल्लेबाज रैंकिंग में बड़ा उलटफेर करते हुए विराट कोहली से नंबर-1 की कुर्सी छीन ली है। बुधवार को जारी ताजा ICC रैंकिंग में मिचेल 845 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गए, जबकि विराट कोहली 795 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। कोहली ने 14 जनवरी को करीब पांच साल बाद वनडे रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था, लेकिन महज एक सप्ताह में ही उन्हें यह पोजीशन गंवानी पड़ी। भारत के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में डेरिल मिचेल ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन मैचों में दो शतक की मदद से कुल 352 रन बनाए, जिसका सीधा फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला। ICC वनडे बल्लेबाजों की सूची में अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान तीसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चौथे नंबर पर हैं।
गौरतलब है कि डेरिल मिचेल अपने वनडे करियर में दूसरी बार नंबर-1 बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले नवंबर 2025 में भी वे शीर्ष स्थान पर पहुंचे थे, तब उनसे यह पोजीशन रोहित शर्मा ने छीनी थी। रोहित उस समय पहली बार वनडे में नंबर-1 बने थे। इस बीच न्यूजीलैंड के ही ग्लेन फिलिप्स ने भी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। इंदौर वनडे में भारत के खिलाफ 88 गेंदों पर 106 रन की पारी खेलने वाले फिलिप्स 16 स्थान ऊपर चढ़कर 20वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में फिलिप्स 14 स्थान की उछाल के साथ 31वें स्थान पर आ गए हैं। ऑलराउंडरों की सूची में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई अब भी नंबर-1 बने हुए हैं।

