दीप्ति शर्मा का ऑलराउंड धमाका: श्रीलंका के खिलाफ बल्ले के बाद गेंद से भी कहर, टीम में चुनने वाले का ही रिकॉर्ड तोड़ा

0

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की जोरदार शुरुआत की। मंगलवार, 30 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में दीप्ति ने पहले बल्ले से कमाल दिखाया और मुश्किल वक्त में अर्धशतक जड़कर टीम को संभाला। इसके बाद उन्होंने गेंदबाज़ी में भी जलवा बिखेरा और श्रीलंकाई बल्लेबाज कविशा दिलहारी को आउट कर एक बड़ा माइलस्टोन हासिल किया। इस सफलता के साथ दीप्ति वनडे क्रिकेट में भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज़ बन गई हैं, जिससे उन्होंने उस खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने कभी उन्हें टीम में जगह दी थी।

दीप्ति शर्मा के वनडे में 142 विकेट हो गए। उन्होंने नीतू डेविड को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 141 विकेट है। वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय टीम को चुनने वाली चयन समिति की अध्यक्ष नीतू डेविड ही थीं। महिला क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी के नाम है। झूलन ने 255 विकेट लिए हैं। इसके अलावा नूशिन अल खदीर ने 100 और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 99 विकेट लिए हैं।

दीप्ति शर्मा का धमाका: बल्ले और गेंद से दिखाया दम

दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले 53 गेंद पर 53 रन जड़कर भारत को 269 रन तक पहुंचने में मदद की। एक समय भारतीय टीम का स्कोर 27 ओवर में 6 विकेट पर 124 रन था। ऐसा लग रहा था कि हरमनप्रीत कौर की टीम 150 तक भी पहुंच पाएगी या नहीं। इसके बाद दीप्ति ने अमनजोत कौर 57 के साथ शतकीय साझेदारी की। फिर स्नेह राणा के साथ मिलकर भारत को 250 के पार पहुंचाया।

दीप्ति शर्मा ने गेंद से भी दिखाया दम

दीप्ति ने बल्ले के बाद गेंद से दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 3 विकेट झटके। इसमें श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू का विकेट शामिल हैं। वह 47 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हुईं। वह जबतक क्रीज पर थीं श्रीलंका मजबूत स्थिति में थी। उन्होंने हर्षिता समरविक्रमा के साथ 52 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने काविशा दिलहारी 15 और अनुष्का संजीवनी 6 रन को पवेलियन भेजा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here