दीप्ति शर्मा का बड़ा कारनामा, झूलन गोस्वामी के खास रिकॉर्ड तक पहुंचीं

0

नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर Deepti Sharma ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान दीप्ति ने विकेट हासिल करते ही इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ वह भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज तेज गेंदबाज Jhulan Goswami के खास रिकॉर्ड की बराबरी करने में सफल रहीं। दीप्ति का यह प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि वह मौजूदा समय में टीम इंडिया की सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में से एक हैं।

दरअसल, लीड्स में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में दीप्ति ने तीन ओवर में 26 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इस विकेट के साथ उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल विकेटों की संख्या 355 हो गई और उन्होंने भारत की दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में झूलन और दीप्ति संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। दोनों खिलाड़ियों के नाम 355-355 विकेट दर्ज हैं। इस खास लिस्ट में इंग्लैंड की कैथरीन स्काइवर-ब्रंट, ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन और साउथ अफ्रीका की शबनम इस्माइल भी शामिल हैं।

महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट 
  • झूलन गोस्वामी – 355
  • दीप्ति शर्मा – 355
  • कैथरीन स्काइवर-ब्रंट – 335
  • एलिस पेरी – 332
  • सोफी एक्लेस्टोन – 327
  • शबनम इस्माइल – 318

दीप्ति का करियर आंकड़ों के लिहाज से भी बेहद शानदार रहा है। ODI क्रिकेट में वह 124 मैचों में 166 विकेट लेकर भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज हैं। T20I क्रिकेट में उनके नाम 146 मैचों में 167 विकेट दर्ज हैं, जो उन्हें भारत ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल करता है। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भी 22 विकेट हासिल किए हैं।

मुकाबले की बात करें तो भारतीय महिला टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरी तरह दबदबा बनाया। Smriti Mandhana ने 47 गेंदों में 74 रन और Shafali Verma ने 38 गेंदों में 55 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को 20 ओवर में 209/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद गेंदबाजी में भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। Sree Charani ने 4 विकेट, शैफाली वर्मा ने 3 विकेट और Nandini Kashyap ने 2 विकेट लेकर डच टीम को 114 रन पर समेट दिया। इस बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप-ए की अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here