नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट को तेज गेंदबाजी में एक और उभरता हुआ सितारा मिल गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर रहे पंजाब के युवा तेज गेंदबाज Gurnoor Brar ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 17 जून को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में गुरनूर ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 60 रन देकर 3 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में लगातार तीन-तीन विकेट लेने का अनोखा कारनामा कर दिखाया। यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट में बेहद खास मानी जा रही है और इससे पहले ऐसा बहुत कम खिलाड़ियों ने किया है।
26 साल के गुरनूर ने अफगानिस्तान की पारी के आठवें ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर पहला विकेट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी को बोल्ड किया और फिर 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सलीम सफी को चलता कर अपना तीसरा शिकार बनाया।
दरअसल, गुरनूर ने 13 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ ही ODI क्रिकेट में डेब्यू किया था। अपने पहले मुकाबले में उन्होंने महज 4.5 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके थे। अब दूसरे मैच में भी तीन विकेट लेने के साथ उन्होंने रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना ली है।
गुरनूर बरार भारत के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने पहले दो ODI मैचों में कम से कम तीन-तीन विकेट हासिल किए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि लेग स्पिनर पीयूष चावला ने हासिल की थी। चावला ने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने ODI ODI में 3 विकेट लिए थे और दूसरे मैच में आयरलैंड के खिलाफ भी तीन बल्लेबाजों को आउट किया था। हालांकि, ODI डेब्यू पर भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड प्रसिद्ध कृष्णा के नाम है, जिन्होंने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले ODI में 54 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। लेकिन वह अगले मैच में केवल दो विकेट ही ले पाए थे।
भारतीय क्रिकेट में अब तक 21 गेंदबाज ODI डेब्यू पर तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं, लेकिन पहले दो मुकाबलों में लगातार ऐसा करने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब गुरनूर बरार का नाम भी दर्ज हो गया है। वहीं, इस मुकाबले में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने भी भारत के लिए ODI डेब्यू किया। लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा गेंदबाज ने 7.3 ओवर में 56 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।


