दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ खत्म किया अभियान, कोलकाता को 40 रन से हराया

0

नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स IPL 2026 मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हरा दिया। आईपीएल 2026 का आखिरी लीग मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला गया, जहां दिल्ली ने जीत के साथ अपने अभियान का समापन किया। मैच में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18.3 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई।

दिल्ली कैपिटल्स को अभिषेक पोरेल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी हुई। पोरेल इस मैच में 18 बॉल पर 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद साहिल पारख ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए। कप्तान अक्षर पटेल ने इस मैच में अच्छी पारी खेली, उन्होंने 25 बॉल पर 39 रन का योगदान दिया। दिल्ली के लिए इस मैच में सबसे ज्यादा रन केएल राहुल ने बनाए। उन्होंने 30 बॉल पर 200 की स्ट्राइक रेट से 60 रन जड़ दिए। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं डेविड मिलर ने 19 गेंदों में 3 छक्के की मदद से 28 रनों की पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स को फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। फिन एलन 13 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मनीष पांडे ने 16 गेंदों में 25 रन की तेज पारी खेली। वहीं रोवमैन पॉवेल 21 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। इस मुकाबले में केकेआर के लिए सबसे ज्यादा रन अजिंक्य रहाणे ने बनाए। उन्होंने कप्तानी पारी खेलते हुए 39 गेंदों में 63 रन ठोके, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। गेंदबाजी में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।

KKR vs DC: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
  • दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, आकिब नबी डार, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी
  • कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, तेजस्वी दहिया (विकेटकीपर), अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, सौरभ दुबे, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here