नई दिल्ली : मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स IPL 2026 मैच में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 30 रन से हरा दिया। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का यह 69वां लीग मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 175 रन तक ही पहुंच सकी और मुकाबला 30 रन से हार गई।
राजस्थान रॉयल्स की इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं रही, जिसमें उन्होंने अपने दोनों ही ओपनिंग बल्लेबाजों को 33 के स्कोर तक गंवा दिया था। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने एक छोर से पारी को संभालते हुए 38 रनों की तो वहीं निचलेक्रम में बल्लेबाजी करने आए जोफ्रा आर्चर ने 32 रनों की पारी खेलने के साथ राजस्थान का स्कोर 20 ओवर्स में 205 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। मुंबई इंडियंस की तरफ से गेंदबाजी में दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने जहां 2-2 विकेट हासिल किए तो वहीं विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश और गजनफर ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने बिना खाता खोले ही रोहित शर्मा का विकेट गंवा दिया। 38 रन के स्कोर तक मुंबई अपने चार प्रमुख बल्लेबाजों को खो चुकी थी, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव और विल जैक्स ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी हुई। विल जैक्स 33 रन बनाकर अहम मौके पर आउट हो गए, जबकि इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या ने 34 रन की पारी खेली। हालांकि उनके आउट होने के बाद मुंबई की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई और विकेट लगातार गिरते रहे। सूर्यकुमार यादव ने 60 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही मुंबई की हार लगभग तय हो गई थी। राजस्थान रॉयल्स की ओर से जॉफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए, जबकि नांद्रे बर्गर, ब्रजेश शर्मा और यश राज पुंजा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
मुंबई इंडियंस – रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, एएम गजनफर, रघु शर्मा।
राजस्थान रॉयल्स – यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, ब्रजेश शर्मा।
यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर्स लिस्ट
मुंबई इंडियंस – रोहित शर्मा, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, कृष भगत, ट्रेंट बोल्ट।
राजस्थान रॉयल्स – रवींद्र जडेजा, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।


