नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में गुरुवार (23 अप्रैल) को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले मंगलवार (21 अप्रैल) को अभ्यास सत्र के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिलने मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज दीपक चाहर पहुंचे। दीपक पहले चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं और उनका धोनी के साथ भाई जैसा रिश्ता है। दोनों के बीच खास बॉन्डिंग है और वे एक-दूसरे के साथ मजाक करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस ने बुधवार (22 अप्रैल) को एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी का मजाकिया अंदाज देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने दीपक चाहर से हंसते हुए कहा, “तुम आए हो और साथ में कैमरा भी ले आए, इसे यहां से भगाओ।” इस पर दीपक चाहर ने भी मजाक में कैमरामैन से कहा, “अरे भैया, आप जाओ।” इसके बाद धोनी ने हंसते हुए जोड़ा, “हां, नहीं तो हम ठीक से बात नहीं कर पाएंगे।” बातचीत के बाद दीपक चाहर ने धोनी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
धोनी-चाहर के बीच मजाकिया नोकझोंक देखने को मिली
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान दीपक चाहर को महेंद्र सिंह धोनी के साथ मजाकिया अंदाज में स्लेजिंग करते देखा गया था। जब धोनी बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए, तब चाहर ने इशारों में बताया कि वह सिली पॉइंट पर फील्डिंग करने वाले हैं। मैच खत्म होने के बाद भी दोनों के बीच यही मजाकिया माहौल जारी रहा, जहां धोनी ने हंसते हुए बल्ले से चाहर को हल्के अंदाज में पीछे से छेड़ा।


