चेन्नई. MS Dhoni की आईपीएल 2026 में वापसी फिलहाल और टलती नजर आ रही है। पिंडली (काफ) की चोट से जूझ रहे धोनी अभी पूरी तरह मैच फिट नहीं हो पाए हैं और उनकी रिकवरी अपेक्षा से धीमी चल रही है।
Chennai Super Kings (CSK) ने पहले ही साफ कर दिया था कि धोनी सीजन के शुरुआती दो हफ्तों से बाहर रहेंगे, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि वह इससे भी ज्यादा मैच मिस कर सकते हैं। चेन्नई के MA Chidambaram Stadium (चेपॉक) में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले से पहले धोनी ने नेट्स में हल्की बल्लेबाजी की, लेकिन उन्होंने सिर्फ थ्रोडाउन का सामना किया और पूरी तीव्रता से अभ्यास नहीं किया।
प्रैक्टिस के दौरान बल्लेबाजी कोच Mike Hussey ने उन्हें गेंदबाजी की। कुछ शॉट्स में धोनी ने अपने पुराने अंदाज की झलक भी दिखाई, लेकिन उन्होंने विकेटकीपिंग नहीं की, जो उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े करता है।
44 वर्षीय धोनी अब तक CSK के चारों मैच मिस कर चुके हैं और पांचवें मुकाबले में भी उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। वह टीम के साथ अवे मैचों में भी यात्रा नहीं कर रहे हैं।
हालांकि, टीम के हेड कोच Stephen Fleming का कहना है कि चोट के बावजूद धोनी टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उनका प्रभाव ड्रेसिंग रूम में बना हुआ है।
धोनी की गैरमौजूदगी में Sanju Samson विकेटकीपिंग संभाल रहे हैं, जबकि Jamie Overton फिनिशर की भूमिका निभा रहे हैं। टीम के पास बैकअप के तौर पर कार्तिक शर्मा और उर्विल पटेल भी मौजूद हैं।
गेंदबाजी विभाग में भी CSK को इंतजार है, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज Spencer Johnson भी चोट से उबर रहे हैं और 21-23 अप्रैल के बीच टीम से जुड़ सकते हैं।
इस सीजन में CSK का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा है। टीम ने चार मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल की है और अंक तालिका में नीचे के पायदान पर है। ऐसे में धोनी की वापसी टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।


