रांची। आगामी रणजी ट्रॉफी सीज़न 2025-26 के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन को एक बार फिर झारखंड क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। लगातार दूसरे साल किशन टीम की कमान संभालेंगे, जबकि अनुभवी बल्लेबाज विराट सिंह को उपकप्तान बनाया गया है। पिछले सीजन किशन ने चार मुकाबलों में कप्तानी की थी, जिसमें दो मैच ड्रॉ रहे और दो में झारखंड को जीत मिली। हालांकि टीम नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी थी।
किशन ने पिछले साल कहा था कि टीम भले ही नॉकआउट में जगह न बना पाई हो, लेकिन एक मजबूत टीम खड़ी करने का रोडमैप तैयार कर लिया गया है। इस बार उनका लक्ष्य न सिर्फ नॉकआउट में जगह बनाना बल्कि रणजी ट्रॉफी जीतने तक का है। उनके लिए यह जिम्मेदारी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि भारतीय टीम में उनकी जगह को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। हाल ही में मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने भी साफ कहा था कि किशन को और घरेलू क्रिकेट खेलकर अच्छा प्रदर्शन दिखाना होगा ताकि वह राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर सकें।
इशान किशन के करियर को हाल के महीनों में चोटों ने भी प्रभावित किया है। इंग्लैंड में नॉटिंघमशायर के साथ काउंटी क्रिकेट खेलते समय एक ई-बाइक हादसे में उन्हें टांके लगे और वे दलीप ट्रॉफी का पहला मैच भी नहीं खेल पाए। झारखंड के लिए पिछले सीजन उन्होंने चार मैचों में 29.33 की औसत से 176 रन बनाए थे, जिसमें रेलवे के खिलाफ खेली गई 101 रनों की पारी सबसे अहम रही। इस सीजन उनके नेतृत्व में झारखंड से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
2025-26 के लिए झारखंड रणजी टीम
इशान किशन (कप्तान), विराट सिंह (उपकप्तान), अनुकूल रॉय, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मनीषी, कुमार सूरज, शिखर मोहन, शरणदीप सिंह, आर्यमान सेन, विकास कुमार, जतिन कुमार पांडे, आदित्य सिंह, साहिल राज, शुभम सिंह, ऋषभ राज, सुशांत मिश्रा (फ़िटनेस के आधार पर)।


