नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के 22 वर्षीय युवा ओपनर बल्लेबाज यश ढुल का बल्ला जमकर गरज रहा है। लीग के 29वें मैच में यश ने वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ शानदार पारी खेली, हालांकि उनकी टीम को सिर्फ 3 रन से करीबी हार का सामना करना पड़ा। यश ढुल ने वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ 49 गेंदों में एक छक्का और 12 चौकों की मदद से 72 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उनकी टीम जीत नहीं पाई। इस मैच में वेस्ट दिल्ली लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 178 रन बनाए, जबकि जवाब में सेंट्रल दिल्ली किंग्स 20 ओवर में 6 विकेट पर 175 रन ही बना सकी।
यश ढुल ने पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन को पीछे छोड़ चमकाया बल्ला
यश ढुल ने इस सीजन के 29वें मैच में 72 रनों की शानदार पारी खेलकर दिल्ली प्रीमियर लीग में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर कब्जा कर लिया। इससे पहले यह स्थान पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन के नाम था, लेकिन अब वह तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। पहले स्थान पर अभी भी अर्पित राणा का कब्जा बरकरार है।
यश ढुल ने इस सीजन में अब तक खेले गए 6 मैचों की 6 पारियों में अपनी टीम के लिए 364 रन बनाए हैं, जिनका स्ट्राइक रेट 172.51 का है। उनका औसत 121.33 का है और इन पारियों में उन्होंने 44 चौके और 16 छक्के भी लगाए हैं। वहीं, पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने 7 मैचों में 48.71 की औसत और 138.62 की स्ट्राइक रेट के साथ 341 रन बनाए हैं।
लीग के पहले नंबर पर मौजूद अर्पित राणा ने 7 मैचों में 71.33 की औसत और 153.96 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 428 रन बनाए हैं। यश ढुल ने इस सीजन के पिछले 6 मैचों में 2 शतक जड़े हैं और इस सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। वहीं, प्रियांश आर्या और आयुष दोसेजा ने एक-एक शतक लगाए हैं।


