नई दिल्ली: दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (DPVL) के फेज-2 ट्रायल्स रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इन ट्रायल्स ने भारत में वॉलीबॉल प्रतिभाओं के लिए मजबूत मंच तैयार करने के लीग के विजन को और मजबूती दी है। इस चरण में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे लीग के टैलेंट आइडेंटिफिकेशन प्रोग्राम को राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रतिसाद मिला है।
ट्रायल्स में उभरते हुए वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और चयन के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतिभागियों की ऊर्जा, प्रतिस्पर्धा और खेल स्तर ने भारत में मौजूद वॉलीबॉल की अपार संभावनाओं को उजागर किया। इस दौरान दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के सीईओ कुलदीप वत्स और दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने ट्रायल्स की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और DPVL द्वारा अपनाई गई पेशेवर चयन प्रणाली की सराहना की।
लीग की संस्थापक नीती रावत ने कहा कि DPVL धीरे-धीरे एक संगठित और पेशेवर लीग के रूप में विकसित हो रही है। उन्होंने बताया कि फेज-1 और फेज-2 के बाद अब फेज-3 ट्रायल्स की तैयारी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल सिर्फ एक लीग नहीं बल्कि एक आंदोलन का रूप ले रही है, जिसका उद्देश्य भारतीय वॉलीबॉल को नई दिशा और अवसर प्रदान करना है।


