भोपाल। वियतनाम के डुक हुआ ने भोपाल इंटरनेशनल शतरंज टूर्नामेंट जीत लिया है। उन्होंने दसवें और निर्णायक चक्र में खेले गए मुकाबले में रूस के ग्रैंड मास्टर रोजुम इवान को हराते हुए 8.5 अंक हासिल किए। इस खिताब के साथ ही हुआ ने भारत में एक वर्ष में लगातार तीन ग्रैंड मास्टर टूर्नामेंट जीतने का नया रिकाॅर्ड बनाया। उन्होंने इससे पहले मई में भुवनेश्वर में किट इंटरनेशनल और जून में मुंबई इंटरनेशनल के खिताब जीते थे। यहां खेले गए अन्य मुकाबलों में दूसरे स्थान पर मलेशिया के युवा खिलाड़ी योह ली तियान रहे। उन्होंने तीसरे स्थान पर रहे वियतनाम के ट्रान तूआन मिन्ह से ड्राॅ खेला। टाॅप सीड अमेरिका के तिमूर गारेएव नें भारत के अर्जुन एरगासी को पराजित किया।
यह है शीर्ष दस खिलाड़ी
वियतनाम के डुक हुआ (8.5 अंक), मलेशिया योह ली तियान दूसरे, वियतनाम के ट्रान तूआन मिन्ह तीसरे, वियतनाम के ट्रान तूआन मिन्ह चौथे, भारत के शैलेश द्रविड़ पांचवे, भारत के गुकेश डी छठवें, उक्रेन के एडम तुखेव सातवें आठ-आठ अंक, 7.5 अंक के साथ टाॅप सीड अमेरिका के तिमूर गारेएव नौवें और भारत के राहुल संगमा दसवें स्थान पर रहे। यहां विजेता डुक हुआ को खेल संचालक उपेंद्र जैन, मप्र शतरंज संघ के अध्यक्ष सुनील बंसल और सचिव कपिल सक्सेना ने दो लाख रुपए का चेक और चमचमाती ट्राॅफी प्रदान की। विजेता खिलाड़ियों में कुल 10 लाख 18 हजार रुपए के नगद पुरस्कार बांटे गए।

