सेंट्रल जोन ने पहली पारी में बढ़त की ओर कदम बढ़ाए, वेस्ट जोन 19 बार खिताब जीतकर सबसे सफल टीम
साउथ की कमजोर शुरुआत, सेंट्रल का दबदबा
बेंगलुरु. दलीप ट्रॉफी 2025 के फाइनल में सेंट्रल जोन ने अपनी धारदार गेंदबाजी से साउथ जोन को पहली पारी में सिर्फ 149 रन पर समेट दिया। बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मुकाबले में सेंट्रल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सफल रहा। दिन का खेल खत्म होने तक सेंट्रल ने बिना विकेट गंवाए 50 रन बना लिए। दानिश मालेवार 28 और अक्षय वाडकर 20 रन पर नाबाद लौटे।
सारांश जैन और कार्तिकेय का जलवा
सेंट्रल जोन की जीत की नींव उसके गेंदबाजों ने रखी। सारांश जैन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि कुमार कार्तिकेय ने 4 विकेट हासिल किए। दीपक चाहर को 1 सफलता मिली। इन तीनों गेंदबाजों ने मिलकर साउथ की पूरी पारी 53.3 ओवर में खत्म कर दी।
साउथ के बल्लेबाज फ्लॉप
साउथ जोन की बल्लेबाजी निराशाजनक रही। ओपनर तन्मय अग्रवाल ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि सलमान निजार (24), अंकित शर्मा (20) और रिकी भुई (15) ने छोटे-छोटे योगदान दिए। कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन समेत बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
इतिहास और मुकाबलों का संतुलन
दोनों टीमों के बीच यह 27वां मुकाबला है। इससे पहले हुए 26 मैचों में सेंट्रल और साउथ ने 8-8 बार जीत दर्ज की, जबकि 10 मुकाबले ड्रॉ रहे। इतिहास पर नजर डालें तो साउथ जोन ने अब तक 13 बार दलीप ट्रॉफी अपने नाम की है, वहीं सेंट्रल ने 6 बार खिताब जीता है। मौजूदा सीजन में दोनों टीमों के सेमीफाइनल ड्रॉ रहे थे।
वेस्ट जोन सबसे सफल
दलीप ट्रॉफी के इतिहास में वेस्ट जोन सबसे ज्यादा सफल टीम रही है। इसने अब तक 19 बार ट्रॉफी जीती है। नॉर्थ जोन 18 बार, साउथ जोन 13 बार, सेंट्रल 6 बार और ईस्ट जोन सिर्फ 2 बार खिताब जीत सका है। शुरुआती चारों सीजन वेस्ट जोन ने ही जीते थे। यही वजह है कि वेस्ट को हमेशा दलीप ट्रॉफी का पावरहाउस माना जाता है।
किस जोन को कितने खिताब
– वेस्ट 19, नॉर्थ 18, साउथ 13, सेंट्रल 6, ईस्ट 2

