दलीप ट्रॉफी: वैभव-अभिमन्यु का दमदार प्रदर्शन बेकार, पाटीदार फिर फ्लॉप; सेंट्रल जोन मजबूत

0

नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला सेंट्रल जोन और ईस्ट जोन के बीच खेला जा रहा है। पहली पारी में ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने सेंट्रल जोन को 266 रन पर समेट दिया था। इसके जवाब में वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने 25.2 ओवर में 161 रन की साझेदारी कर ईस्ट जोन को शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि, इसके बाद ईस्ट जोन की पूरी टीम भी 266 रन पर ऑलआउट हो गई। सेंट्रल जोन की दूसरी पारी में कप्तान रजत पाटीदार एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और लगातार दूसरी बार फ्लॉप साबित हुए।

दूसरे दिन के खेल के अंत तक सेंट्रल जोन ने अपनी दूसरी पारी में 45 रन बनाकर तीन विकेट गंवाए। सेंट्रल जोन को बढ़त सेमीफाइनल मुकाबले में जरूर मिली लेकिन टीम की शुरुआत दूसरी पारी में भी खास नहीं रही। कुणाल चंडेला 2, आर्यन जुयाल 8 और कप्तान रजत पाटीदार सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पहली पारी में भी रजत ने सिर्फ 12 रन ही बनाए थे। ईस्ट के लिए मुकेश कुमार ने 2 और मोहम्मद शमी ने 1 विकेट झटका।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सेंट्रल जोन के अमन मोखाड़े 23 रन और आर्यन पांडे 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। इस मुकाबले में सेंट्रल जोन और ईस्ट जोन ने अपनी पहली-अपनी पारी में 266 रन बनाए थे। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के कारण पहली पारी के आधार पर किसी भी टीम को बढ़त नहीं मिल सकी। इसके बाद सेंट्रल जोन ने दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 45 रन बना लिए, जिससे उसकी कुल बढ़त भी 45 रन की हो गई।

बढ़त लेने से चूका ईस्ट जोन

ईस्ट जोन ने इस मुकाबले में बढ़त लेने का मौका गंवाया। वैभव सूर्यवंशी (92) और अभिमन्यु ईश्वरन (69) की 161 रन की साझेदारी के बाद पूरी टीम 266 पर सिमट गई। यानी 105 रन में इसके बाद पूरी टीम सिमट गई। कप्तान इशान किशन का भी बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 16 रन ही बना पाए। कुमार कुशाग्र का खाता भी नहीं खुला और सुदीप घरामी 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इस मुकाबले में अब तक गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है। ईस्ट जोन की ओर से पहली पारी में मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शमी और मोहम्मद कौनैन कुरैशी को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके बाद सेंट्रल जोन के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हर्ष दुबे ने चार विकेट अपने नाम किए, जबकि यश ठाकुर और आर्यन पांडे ने तीन-तीन विकेट लेकर ईस्ट जोन की पारी को 266 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here