दलीप ट्रॉफी: वैभव सूर्यवंशी ने गेंद से दिखाया दम, 4 गेंद में 2 विकेट; सेमीफाइनल में इशान किशन की टीम

0

नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन ने नॉर्थ-ईस्ट जोन को एक पारी और 210 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन का सामना सेंट्रल जोन से होगा। यह मुकाबला 30 अगस्त से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के ग्राउंड नंबर-1 पर खेला जाएगा।

बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस 2 मैदान पर खेले गए मैच में ईस्ट जोन बनाम नॉर्थ-ईस्ट जोन मैच में इशान किशन की अगुआई वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 112.5 ओवर में 467 रन बनाए थे। ईस्ट जोन की ओर से सुदीप कुमार घरामी और शाहबाज अहमद ने शतक लगाए थे। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शाहबाज अहमद 244 गेंद में 167 रन और सुदीप कुमार घरामी ने 185 गेंद में 146 रन बनाए थे। हालांकि, ओपनर वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी में कमाल नहीं दिखा पाए थे। वैभव सूर्यवंशी सिर्फ आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।

नॉर्थ-ईस्ट जोन की पहली पारी 42.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई थी। दूसरी पारी में भी वह 50 ओवर ही बल्लेबाजी कर पाई और 146 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में वैभव सूर्यवंशी ने गेंद से कमाल दिखाया। वैभव सूर्यवंशी ने तीन ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए। वैभव सूर्यवंशी ने दूसरे ओवर में चार गेंद के भीतर (दूसरी और पांचवीं गेंद) दो विकेट लिए। शाहबाज अहमद प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। नॉर्थ-ईस्ट की दूसरी पारी के दौरान ईस्ट जोन के अनुकूल रॉय ने 15 ओवर में सिर्फ 37 रन देकर पांच विकेट चटकाए। मुकेश कुमार, अभिजीत के सरकार और शाहबाज अहमद भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

नॉर्थ-ईस्ट जोन की पहली पारी में ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अभिजीत के सरकार ने 9.5 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 5 विकेट झटके। शाहबाज अहमद ने 10 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अनुकूल रॉय ने 8 ओवर में 25 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि मुकेश कुमार को भी एक सफलता मिली। इन गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन के चलते नॉर्थ-ईस्ट जोन की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here