नई दिल्ली : श्रीलंका ने कोलंबो में खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के तीसरे दिन मंगलवार (25 अगस्त) को चायकाल तक अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 216 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की थी। ऐसे में श्रीलंका पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। श्रीलंकाई टीम भारत से अभी 287 रन पीछे है और उसके तीन विकेट शेष हैं। श्रीलंका को फॉलोऑन बचाने के लिए अभी 88 रन और बनाने होंगे। चाय के विश्राम के समय सोनल दिनुशा 52 और केशारा नुवांता 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। श्रीलंका की ओर से पासिंदु सूर्याबंडारा ने 80 रन की पारी खेली। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन और मानव सुथार ने दो विकेट लिए हैं।
भारतीय गेंदबाजों ने फिर संभाला मोर्चा
लंच से पहले के सेशन में श्रीलंका दो विकेट खोने के बावजूद मुकाबला कर रहा था। उसने 122 रन जोड़े थे। इसके बाद भारतीय टीम के गेंदबाजों ने वापसी की और तीन विकेट लिए और सिर्फ 86 रन दिए। भारत ने श्रीलंका को शुरुआती झटका दिया जब मानव सुतार ने अपनी सही लेंथ पकड़ी।
पसिंदू सूरियाबंदारा ने खेली 80 रन की शानदार पारी
सुतार की गेंद पर धनंजय डी सिल्वा ने केएल राहुल को कैच थमा दिया, जिन्होंने दूसरी कोशिश में पहली स्लिप में कैच पकड़ा। इसके बाद से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कोई राहत नहीं मिली, लेकिन सबसे बड़ा झटका पासिंदु सोरियाबंदारा (80) का आउट होना था।
सिराज ने डिकवेला को भेजा पवेलियन
रविंद्र जडेजा ने पसिंदू सूरियाबंदारा के शरीर के पास गेंद फेंकी, जिसे बल्लेबाज ने पॉइंट की दिशा में खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्टंप्स से जा टकराई और वह बोल्ड हो गए। इसके दो रन बाद मोहम्मद सिराज ने निरोशन डिकवेला को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराकर भारत को एक और सफलता दिलाई। हालांकि, डिकवेला जिस गेंद पर आउट हुए, वह लेग साइड से बाहर जाती साधारण गेंद थी, जिसे वह सही तरीके से खेल नहीं सके।
दिनुशा ने जड़ा जुझारू अर्धशतक
दिनुशा ने 84 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और मुश्किल परिस्थितियों में श्रीलंका की पारी को संभालने की कोशिश की। उनके साथ नुवंथा ने भी मोर्चा संभाले रखा और सत्र के बाकी हिस्से में श्रीलंका को कोई और झटका नहीं लगा। हालांकि, मेजबान टीम अब भी संकट में है। सुबह के सत्र में श्रीलंका की स्थिति कुछ बेहतर नजर आई थी। पसिंदू सूरियाबंदारा और कामिंदु मेंडिस के बीच चौथे विकेट के लिए 87 रन की अच्छी साझेदारी हुई। श्रीलंका ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 8 रन से की थी और पहले सत्र में उसने बेहतर बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था।


