नई दिल्ली : अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार (30 जुलाई) को इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया। मुंबई के इस अनुभवी बल्लेबाज ने जुलाई 2023 में आखिरी बार भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद रहाणे ने कई बार टेस्ट टीम में वापसी की इच्छा जताई, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें मौका नहीं दिया। खास बात यह है कि जिस खिलाड़ी को टीम में जगह देने के लिए रहाणे को बाहर किया गया था, उसने भी अब टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।
ऋषभ पंत, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के कारण अजिंक्य रहाणे की करीब डेढ़ साल बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 में भारतीय टीम में वापसी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में जब भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, तब रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 और 46 रन की पारियां खेलीं। उनके इस प्रदर्शन के दम पर उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टीम में भी जगह मिली। हालांकि, इस दौरे के लिए टीम चुनते समय चयनकर्ताओं ने कई बड़े फैसले किए और अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को टीम से बाहर कर दिया।
रहाणे के बाद भारतीय टेस्ट टीम में बड़ा बदलाव
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में यशस्वी जायसवाल को बतौर ओपनर मौका दिया गया था। शुभमन गिल नंबर-3 पर खेलने लगे। इस दौरान राहुल, अय्यर और पंत चोटिल थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इशान किशन ने मध्यक्रम में बतौर विकेटकीपर डेब्यू किया। रहाणे का बल्ला नहीं चला। दो मैचों की दो पारियों में उन्होंने 3 और 8 का स्कोर किया। वेस्टइंडीज के बाद भारतीय टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर गई।
श्रेयस अय्यर की टेस्ट टीम में वापसी
केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई और रहाणे को ड्रॉप कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति ने तर्क दिया कि रहाणे को अय्यर के चोटिल होने के कारण टीम में मौका दिया गया था। ऐसे में चयनकर्ताओं और कप्तान रोहित शर्मा को लगा कि फिट होने के बाद अय्यर की वापसी होनी चाहिए।
श्रेयस अय्यर हुए टेस्ट टीम से बाहर
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में राहुल और श्रेयस मध्यक्रम में खेले, 2024 की शुरुआत में इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई और श्रेयस अय्यर को पहले टेस्ट के बाद टीम से बाहर कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कमर में दिक्कत के कारण टेस्ट में खेलने पर असमर्थता जताई थी अय्यर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था। इसके बाद से उनकी टेस्ट टीम में वापसी ही नहीं हुई।
टेस्ट क्रिकेट से श्रेयस अय्यर ने बनाई दूरी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सितंबर 2025 में श्रेयस अय्यर ने बीसीसीआई को बताया था कि वह टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक लेना चाहते हैं। उन्होंने इसके पीछे पीठ में अकड़न और थकान को कारण बताया था। इसके बाद ईरानी ट्रॉफी के लिए टीम की घोषणा करते समय बीसीसीआई ने अपने प्रेस नोट में जानकारी दी कि अय्यर ने रेड बॉल क्रिकेट से छह महीने का ब्रेक मांगा है।


