साउथैम्प्टन. साउथैम्प्टन में खेले गए तीसरे वनडे में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 342 रन से हराकर वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के नाम था, जिसने 2023 में श्रीलंका को 317 रन से हराया था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 414 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम केवल 72 रन पर सिमट गई। इस जीत के बावजूद इंग्लैंड सीरीज नहीं जीत सका, क्योंकि शुरुआती दो मुकाबले जीतकर साउथ अफ्रीका ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इंग्लैंड की पारी की नींव ओपनर जैमी स्मिथ और बेन डकेट ने रखी। डकेट 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि स्मिथ ने 62 रन बनाए। इसके बाद जो रूट और युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने पारी को मजबूती दी। दोनों के बीच 182 रन की साझेदारी हुई। बेथेल ने अपने करियर का पहला वनडे शतक (110 रन) बनाया, जबकि रूट ने 19वीं सेंचुरी जड़ते हुए 100 रन बनाए। कप्तान हैरी ब्रूक सस्ते में आउट हुए, लेकिन जोस बटलर (62 रन) और विल जैक्स (19 रन) ने टीम का स्कोर 400 से ऊपर पहुंचा दिया। साउथ अफ्रीका की ओर से केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट लिए।
आर्चर की घातक गेंदबाजी
414 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने ऐडन मार्करम को आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने रायन रिकेल्टन और मैथ्यू ब्रीट्जकी को भी पवेलियन भेज दिया। ब्रायडन कार्स ने वियान मुल्डर का विकेट लिया और स्कोरबोर्ड पर केवल 7 रन पर 4 विकेट गिर गए। जल्द ही टीम 24 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। आर्चर ने कुल 18 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके साथ आदिल रशीद ने 3 और कार्स ने 2 विकेट लिए।
सीरीज साउथ अफ्रीका के नाम, अब टी-20 मुकाबले
साउथ अफ्रीका की ओर से केवल कॉर्बिन बॉश ने थोड़ी प्रतिरोध की कोशिश की और 20 रन बनाए। उन्होंने टीम को 70 के पार पहुंचाया और उसे अपना सबसे छोटा स्कोर बनाने से बचाया। आखिरकार पूरी टीम 72 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की यह जीत वनडे इतिहास का नया रिकॉर्ड बनी। हालांकि, सीरीज पर कब्जा साउथ अफ्रीका ने किया। अब दोनों टीमों के बीच 10 सितंबर से टी-20 सीरीज खेली जाएगी, जिसके बाकी मुकाबले 12 और 14 सितंबर को होंगे।


