मरुमानी की फिफ्टी से जिम्बाब्वे ने बनाए 191 रन
हरारे. हरारे में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी-20 में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए। टीम के लिए ताडीवानाशे मरुमानी ने 44 गेंदों पर 51 रन बनाए। उनके साथ कप्तान सिकंदर रजा ने तेजतर्रार 28 रन की पारी खेली। सीन विलियम्स (23), रेयान बर्ल (26) और तशिंगा मुसकीवा (18) ने भी योगदान दिया। श्रीलंका से दुशन हेमंथा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने मरुमानी, विलियम्स और रजा को आउट कर 3 विकेट लिए। चमीरा ने 2, जबकि पथिराना और बिनुरा फर्नांडो ने एक-एक विकेट हासिल किया।
कमिल मिशारा की पहली फिफ्टी
192 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। ओपनर कुसल मेंडिस और पथुम निसांका ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। मेंडिस 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कमिल मिशारा ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने अपने करियर की पहली टी-20 फिफ्टी लगाई और नाबाद 73 रन बनाए। मिशारा ने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उनके साथ निसांका ने 33 रन का योगदान दिया।
कुसल परेरा के ताबड़तोड़ शॉट्स
दूसरा विकेट 76 रन पर गिरा जब निसांका को कप्तान सिकंदर रजा ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद कुसल परेरा और मिशारा ने पारी संभाली। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए नाबाद 117 रन की साझेदारी की। कुसल परेरा ने केवल 26 गेंदों पर 46 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। श्रीलंका ने 17.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया।
सीरीज पर श्रीलंका का कब्जा
इस जीत के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पहला मैच श्रीलंका ने 4 विकेट से जीता था, जबकि दूसरा मैच जिम्बाब्वे ने 5 विकेट से अपने नाम किया। निर्णायक मुकाबले में श्रीलंका ने दबदबे के साथ जीत हासिल की। कमिल मिशारा को नाबाद 73 रन की पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि टीम ने ट्रॉफी उठाकर सीरीज का जश्न मनाया।


