Euro Cup 2024: वेगहोर्स्ट के गोल से नीदरलैंड ने पोलैंड को 2-1 से हराया

0

बर्लिन: नीदरलैंड के फॉरवर्ड वाउट वेगहोर्स्ट स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर उतरकर प्रभावित करते रहे हैं और रविवार को यूरोपीय चैम्पियनशिप के मुकाबले में भी उन्होंने ऐसा करते हुए अंत में गोल कर अपनी टीम को पोलैंड पर 2-1 से जीत दिलायी। इस स्ट्राइकर ने 83वें मिनट में मेम्फिस डिपे की जगह मैदान पर आने के बाद पहले ही प्रयास में बायें पैर से नीचा शॉट लगाकर गोल दाग दिया। डिपे ने कई मौके गंवा दिये थे।

चोटिल स्टार रॉबर्त लेवानदॉस्की के बिना खेल रही पोलैंड ने उनकी जगह पर उतरे छह फुट तीन इंच की लंबी कद काठी के एडम बुक्सा के 16वें मिनट में हेडर से किये गोल की मदद से 1-0 से बढ़त बना ली थी जो ज्यादा देर तक नहीं रह सकी। नीदरलैंड के लिए कोडी गाकपो ने 29वें मिनट में पोलैंड के गोलकीपर वोजसिएच स्जेस्नी को चकमा देते हुए ‘डिफ्लेक्टिड’ शॉट से बराबरी गोल दागा। नीदरलैंड की इस जीत से ग्रुप डी की प्रबल दावेदार फ्रांस की टीम पर कुछ दबाव बढ़ जायेगा जो सोमवार को आस्ट्रिया से भिड़ेगी।

डेनमार्क ने स्लोवेनिया के साथ आज के दूसरे मुकाबले में 1-1 से ड्रॉ खेला। ग्रुप-सी के इस मैच में डेनमार्क के क्रिश्चियन एरिक्सन ने 17वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को आगे कर दिया। हालांकि, दूसरे हाफ में 77वें मिनट में एरिक जानजा ने गोल दाग स्लोवेनिया की वापसी कराई। इसके बाद दोनों टीमें फुल टाइम तक कोई गोल नहीं कर सकी।

गत विजेता इटली मैदान पर उतरते ही कुछ समझ पाता कि 23वें सेकंड में उसके खिलाफ गोल हो गया। अल्बानिया के नेदिम बजरामी की ओर से किए गए इस गोल ने नए कोच लूसियानो स्पैलेटी की टीम को हिला दिया। यह यूरोपियन चैंपियनशिप के 64 वर्षों के इतिहास का सबसे तेज गोल था। हालांकि इटली जल्द ही संभल गया और 16वें मिनट तक उसने दो गोल दागते हुए 2-1 की बढ़त बना ली और इसी अंतर से बाद में उसने अल्बानिया पर जीत हासिल कर ली।

फेडरिको डिमार्को की थ्रो अलसांद्रो बास्तोनी के पास नहीं पहुंची। बजरामी ने इसे कब्जे में लेते हुए गोल भेद कर वेस्टफालेनस्टेडिऑन में मौजूद अल्बानियाई समर्थकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद इटली ने आक्रमणों की झड़ी लगा दी। 11वें मिनट में निकोलो बारेला ने बराबरी का गोल भेदा। 16वें मिनट में लोरेंजो पेलेग्रिनी के क्रास को बास्तोनी ने हेडर के जरिए गोल कर इटली को बढ़त दिला दी। ग्रुप बी को ग्रुप ऑफ डेथ कहा जा रहा है। इस ग्रुप में इन दोनों टीमों के अलावा स्पेन और क्रोएशिया भी हैं। पूर्व विश्व चैंपियन स्पेन 2018 के फीफा विश्वकप उपविजेता क्रोएशिया को 3-0 से हरा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here