फैन ने दिलाई धोनी की याद, मुकुल चौधरी का लक्ष्य—बनना है टीम का फिनिशर

0

नई दिल्ली : मुकुल चौधरी का बचपन से ही सपना था कि वह महेंद्र सिंह धोनी की तरह छक्के जड़कर मैच खत्म करें। उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन में गुरुवार (9 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में तीन विकेट से जीत दिलाकर इस सपने को सच कर दिखाया। इस 21 वर्षीय बल्लेबाज ने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें दो चौके और सात छक्के शामिल थे। धोनी के इस जबरदस्त फैन ने अपने शानदार हेलीकॉप्टर शॉट से मैदान पर उनकी याद ताजा कर दी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुकुल ने मैच कहा, ”मैं यह पारी अपने पिता को समर्पित करता हूं। शादी से पहले से ही उनका सपना था कि उनका बेटा क्रिकेटर बने। मैं एमएस (धोनी) सर को भी देखता रहा हूं कि किस तरह से वह पारी समाप्त करते हैं। मैं भी उसी नंबर पर खेलता हूं, इसलिए मैं यह पारी उन्हें भी समर्पित करता हूं।’

रोज 150 छक्कों की प्रैक्टिस से निखर रहा मुकुल का खेल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुकुल ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और वह हर दिन लगभग 150 छक्के लगाने का अभ्यास करते हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरे ‘जीन्स’ ऐसे हैं और मेरी शारीरिक बनावट ऐसी है कि मेरे शॉट्स में ताकत होती है। मैं खूब अभ्यास भी करता हूं। मैं हर दिन लगभग 100-150 छक्के लगाता हूं। पिछले पांच-छह महीनों से मैंने बहुत अभ्यास किया और इसका असर अब मेरी बल्लेबाजी में देखने को मिल रहा है।’

मुकुल ने जड़ा ‘हेलीकॉप्टर शॉट’, धोनी की दिलाई याद

मुकुल ने धोनी की तरह अपने ‘हेलीकॉप्टर शॉट‘ के बारे में भी बात की। उन्होंने 17वें ओवर में वैभव अरोड़ा की गेंद पर इसी तरह का शॉट लगाकर छक्का जड़ा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुकुल ने कहा, ‘मैंने बचपन से ही उस शॉट का अभ्यास किया है। मुझे यह शॉट खेलना बहुत पसंद है। धोनी जिस तरह से पारी का अंत करते हैं वह भी मुझे पसंद है। वह यॉर्कर पर भी छक्का मार देते थे। अगर आप उस तरह की गेंद पर भी छक्का जड़ देते हैं, तो गेंदबाज कुछ अलग करने के बारे में सोचने लगता है।’

शानदार प्रदर्शन से मुकुल ने जीता जस्टिन लैंगर का भरोसा

छक्के मारने की अपनी क्षमता और आत्मविश्वास के दम पर मुकुल चौधरी पहले ही एलएसजी के कोच जस्टिन लैंगर का ध्यान खींच चुके हैं। लैंगर ने उनकी तारीफ करते हुए कहा था कि मुकुल में भारत के मध्यक्रम का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनने की क्षमता है। इस पर मुकुल ने भी विनम्र प्रतिक्रिया दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘अगर इतना बड़ा कोच आपके बारे में कुछ कहता है, तो जरूर उन्होंने आपमें कुछ खास देखा होगा। उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया है और मैं भी उस भरोसे पर खरा उतरना चाहता हूं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here