IPL 2026: केकेआर खिलाड़ी ने अंपायरिंग और ईडन पिच को ठहराया हार का कारण

0

नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाड़ी रोवमैन पॉवेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले के दौरान अंपायरों की ‘गलती’ पर सवाल उठाए और टीम की करीबी हार के लिए ईडन गार्डन्स की धीमी पिच को जिम्मेदार ठहराया। एलएसजी का स्कोर 16 ओवर के बाद सात विकेट पर 127 रन था, लेकिन युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की नाबाद 54 रन की शानदार पारी के दम पर टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज कर ली।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पॉवेल ने मैच के बाद कहा, ‘आप ईडन गार्डन को अपना गढ़ बनाना चाहते हैं। यह आपका घरेलू मैदान है और दर्शकों का समर्थन आपको मिलता है। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाना अच्छा लगता है, लेकिन इस युवा खिलाड़ी (मुकुल) को श्रेय जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’ केकेआर को चार मैच में एक भी जीत नहीं मिली है। इनमें से तीन मैच उसने अपने घरेलू मैदान पर खेले हैं।

फिन एलन का विकेट बना चर्चा का विषय, अंपायरिंग पर घिरी नजरें

एलएसजी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद केकेआर चार विकेट पर 181 रन ही बना पाई। इस मैच में टीम के ओपनर बल्लेबाज फिन एलन (09) विवादास्पद तरीके से आउट हो गए। एलन के बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गई गेंद को डीप थर्ड मैन की बाउंड्री पर खड़े दिगवेश राठी ने कैच कर लिया। रीप्ले से पता चला कि उनके पैर की उंगलियां बाउंड्री को छू गई थीं, लेकिन मैदानी अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक (साउथ अफ्रीका) और अक्षय टोत्रे (भारत) ने तीसरे अंपायर का सहारा नहीं लिया और इस कैच को क्लीन करार दिया।

पॉवेल ने अंपायरिंग पर उठाए सवाल, कही बड़ी बात

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पॉवेल ने कहा, ‘बिल्कुल और भी पहलुओं पर गौर किया जाना चाहिए था। जब वह मैदान से बाहर आए तो हमने इस बारे में बात की थी। हमने आईपीएल में देखा है कि अंपायर इससे भी छोटी-छोटी चीजों के लिए तीसरे अंपायर की मदद लेते रहे हैं। हो सकता है कि यह उनकी तरफ से एक गलती थी, लेकिन हम यह नहीं कहेंगे कि इसी वजह से आज रात हमें दो अंक गंवाने पड़े।’

220 रन वाला विकेट नहीं था

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पॉवेल ने कहा कि इस पिच पर स्ट्रोक लगाना इतना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, ‘यह ईडन गार्डन के उस पारंपरिक विकेट जैसा नहीं था जहां आप क्रीज पर उतरकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर देते हैं। यह 220 रन वाला विकेट नहीं था। गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही थी, विशेषकर जब उन्होंने धीमी गेंदों का इस्तेमाल किया।’

पॉवेल बोले- जल्द बदलेगी स्थिति, टीम करेगी वापसी

कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में अब चार मैचों में सिर्फ एक अंक है, जो उसे पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हुए मुकाबले से मिला। हालांकि, रोवमैन पॉवेल को हालात में सुधार की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘अगर आप इतिहास देखें तो आईपीएल के विजेता टूर्नामेंट के मध्य और अंतिम चरण में अपनी लय हासिल करते हैं। जब शुरुआत अच्छी न हो तो जीतना आसान नहीं होता। अभी हमने 10 मैच खेलने हैं और हमारा भविष्य हमारे हाथ में है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here