पिता की भावुक बातें और गंभीर का वादा, इंग्लैंड दौरे से बाहर होने पर छलका अभिमन्यु का दर्द

0

नई दिल्ली: इंग्लैंड दौरे पर शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई। इस दौरे पर कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन कुछ को मौका नहीं मिल सका, जिनमें अभिमन्यु ईश्वरन भी शामिल रहे। 29 वर्षीय इस बल्लेबाज़ ने इंडिया ए के दो मैचों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था, फिर भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। यहां तक कि चोटिल खिलाड़ियों और टीम संयोजन में लगातार बदलाव के बावजूद भी ईश्वरन को अवसर नहीं दिया गया। यही हाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी उनके साथ हुआ था।

टीम से बाहर लेकिन हौसला बरकरार, अभिमन्यु ईश्वरन का संघर्ष जारी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यूट्यूब पर विक्की लालवानी से बातचीत में अभिमन्यु ईश्वरन के पिता रंगनाथन परमेश्वरन ईश्वरन ने खुलासा किया कि इंग्लैंड दौरे पर मौका न मिलने से उनका बेटा काफी हताश हुआ था। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि अभिमन्यु हार मानने के लिए तैयार नहीं हैं और लगातार मेहनत कर रहे हैं। इस दौरान भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने भी उन्हें भरोसा दिलाया है कि उन्हें लंबा मौका मिलेगा। गंभीर ने बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले इस बल्लेबाज़ को टीम में उचित अवसर देने का वादा किया है।

अभिमन्यु के पिता बोले – 23 साल से बेटे के साथ अपना सपना जी रहा हूं

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभिमन्यु ईश्वरन को मौका न मिलने पर उनके पिता रंगनाथन परमेश्वरन ने बताया कि बेटा चयन न होने से निराश जरूर था, लेकिन हारा नहीं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रंगनाथन ने कहा, “वह इसलिए नाराज़ था क्योंकि उसे टीम में जगह नहीं मिली। जब मैंने फोन किया तो उसने कहा, ‘पापा, मुझे अभी भी जगह नहीं मिली है।’ अब वह दलीप ट्रॉफी की तैयारी के लिए बेंगलुरु जाएगा, वहां 10-12 दिन अभ्यास करेगा, फिर कुछ समय के लिए देहरादून लौटेगा और बाद में वापस जाएगा। वह परेशान जरूर था, लेकिन उसने कहा, ‘मैं 23 साल से अपना सपना जी रहा हूं और एक-दो मैचों में न चुने जाने से यह सपना नहीं टूटेगा।

गंभीर बोले, एक-दो मैच में नहीं होगा अभिमन्यु का सफर खत्म

अभिमन्यु ईश्वरन के पिता रंगनाथन ने बेटे और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच हुई बातचीत का जिक्र किया, जिसने इस बल्लेबाज़ का हौसला बढ़ाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रंगनाथन ने बताया, “गंभीर ने उससे कहा, ‘तुम सही काम कर रहे हो। तुम्हें अपनी बारी और लंबा मौका मिलेगा। मैं तुम्हें एक-दो मैच के बाद बाहर करने वाला नहीं हूं।’ पूरी कोचिंग टीम ने उसे भरोसा दिलाया है कि उसे उसका हक जरूर मिलेगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here