NST NEWS, भोपाल। टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित खेलो भोपाल जिला स्तरीय बेबी लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में इन दिनों फीफा विश्व कप का खुमार साफ दिखाई दे रहा है। विश्व फुटबॉल के सितारों और टीमों के नाम वाली जर्सियां पहनकर मैदान में उतरे नन्हे खिलाड़ियों ने जोश, जुनून और उत्साह के साथ शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीटी नगर स्टेडियम में चीफ कोच जेपी सिंह, स्मितेश पांडे, शालिनी सिंह और देंवेंद्र सिंह खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। फीफा विश्व कप के माहौल का असर प्रतियोगिता में भाग ले रहे बच्चों पर भी देखने को मिला। कोई रोनाल्डो की तरह गोल करने का सपना लिए मैदान में उतरा तो कोई अर्जेंटीना और पुर्तगाल जैसी टीमों की जर्सी पहनकर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर जीता नजर आया। खिलाड़ियों के बीच विश्व कप, स्टार फुटबॉलरों और विभिन्न टीमों को लेकर चर्चाएं पूरे दिन आकर्षण का केंद्र रहीं।

दिन के पहले मुकाबले में रोनाल्डो किंग ने फुटबॉल किंग्स को 2-0 से हराया। विजेता टीम की ओर से शौर्य ने दोनों गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाई। एक अन्य मुकाबले में अर्जेंटीना एफसी ने डेविल्स किंग को 2-0 से पराजित किया। अर्जेंटीना एफसी के लिए कियान कटारिया ने दोनों गोल कर जीत के नायक बने। बेबी लीग के एक रोमांचक मुकाबले में वर्ल्ड किंग्स ने पुर्तगाल एफसी को 3-0 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। विजेता टीम की ओर से पार्थ बामण, वेदांश और आदर्श शर्मा ने एक-एक गोल किया। वहीं अंडर-20 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में दर्शकों को रोमांच से भरपूर संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद निर्णय सडन डेथ से हुआ, जिसमें दिव्यांश रामजी ने निर्णायक गोल दागकर शैडो एफसी को खिताब दिलाया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में फुटबॉल के प्रति गजब का उत्साह देखने को मिला। फीफा विश्व कप की चर्चा, पसंदीदा खिलाड़ियों की नकल और अपनी टीम को जीत दिलाने का जज्बा नन्हे खिलाड़ियों के खेल में साफ झलक रहा था। आयोजकों का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में खेल भावना के साथ-साथ विश्व स्तरीय फुटबॉल के प्रति रुचि और प्रेरणा भी पैदा करती हैं।


