सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी बनी एचएमजी कप 2026 चैंपियन, फाइनल में वीएस क्रिकेट अकादमी को 4 विकेट से हराया

0

NST NEWS, भोपाल।  मध्यप्रदेश क्रिकेट के उभरते सितारों से सजे एचएमजी कप 2026 अंडर-15 बॉयज लिमिटेड ओवर इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने अपने नाम कर लिया। भोपाल डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (बीडीसीए) द्वारा आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने विश्वास सारंग (वीएस) क्रिकेट अकादमी को 4 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

डीपीएस खेल मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में वीएस क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए। वीएस अकादमी की ओर से अभिषेक यादव ने शानदार 75 रन और कुमार वेदांत ने 73 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दक्ष सक्सेना ने 25 रन का योगदान दिया। सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी की ओर से कार्तिक सोलंकी ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि शिवांशु मिश्रा को एक सफलता मिली।

213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 48.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बना लिए। टीम की जीत में अयान खान ने 78 रन की शानदार पारी खेली। नीलांग मिश्रा ने 46 रन और शिवांशु मिश्रा ने नाबाद 45 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।  वीएस क्रिकेट अकादमी की ओर से अक्षत यादव ने 2 विकेट लिए, जबकि हर्ष, अभिषेक, वंश और प्रियांश लोधी ने एक-एक विकेट हासिल किया।  शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी के शिवांशु मिश्रा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने नाबाद 45 रन बनाने के साथ एक विकेट भी हासिल किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में एचएमजी स्पोर्ट्स के चेयरमैन अभिषेक मोहन गुप्ता, भोपाल डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य विजय सिंह तथा वरिष्ठ खिलाड़ी राजीव सक्सेना विशेष रूप से उपस्थित रहे।  टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी के अद्विक अरोरा को ‘बेस्ट बॉलर’ और शिवांशु मिश्रा को ‘बेस्ट बैट्समैन’ चुना गया। वहीं वीएस क्रिकेट अकादमी के अभिषेक यादव को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार दिया गया। विजेता सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी को ट्रॉफी के साथ गोल्ड मेडल तथा उपविजेता वीएस क्रिकेट अकादमी को सिल्वर मेडल प्रदान किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here