नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचा दिया। उनकी यह पारी न सिर्फ मैच जिताऊ रही, बल्कि इतिहास के पन्नों में भी दर्ज हो गई। एलन ने इस दौरान टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया और कुल पांच बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उनकी तूफानी बल्लेबाजी के सामने विपक्षी गेंदबाज बेबस नजर आए और न्यूजीलैंड ने शानदार अंदाज में फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
फिन एलन की इस पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में ही साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया और 170 रन का लक्ष्य आसानी से चेज कर लिया। एलन की यह पारी मौजूदा विश्व कप में किसी भी बल्लेबाज के द्वारा सबसे तेज शतकीय पारी रही। अब आपको बताते हैं एलन द्वारा बनाए गए इस पारी में 5 बड़े रिकॉर्ड के बारे में:-
1- टी20 वर्ल्ड कप के सबसे तेज शतक
फिन एलन: 33 गेंद (2026 टी20 वर्ल्ड कप)
क्रिस गेल: 47 गेंद (2016 टी20 वर्ल्ड कप)
क्रिस गेल: 50 गेंद (2007 टी20 वर्ल्ड कप)
हैरी ब्रूक: 50 गेंद (2026 टी20 वर्ल्ड कप)
ब्रेंडन मैकुल्लम: 51 गेंद (2012 टी20 वर्ल्ड कप)
2- टी20 इंटरनेशनल में तीसरा सबसे तेज शतक फिन एलन के नाम दर्ज
27 गेंद: साहिल चौहान (Estonia) v Cyprus, 2024
29 गेंद: मुहम्मद फहाद (Turkey) v Bulgaria, 2025
33 गेंद: फिन एलन (NZ) vs SA, 2026
33 गेंद: जैन निकोल लोफ्टी ईटन (NAM) vs NEP, 2024
33 गेंद: सिकंदर रजा (ZIM) v Gambia, 2024
3- टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर
100 रन नाबाद: फिन एलन vs SA, 2026 सेमीफाइनल
96 रन नाबाद: तिलकरत्ने दिलशान vs WI, 2009 सेमीफाइनल
89 रन नाबाद: विराट कोहली vs WI, 2016 सेमीफाइनल
86 रन नाबाद: एलेक्स हेल्स vs IND, 2022 सेमीफाइनल
85 रन नाबाद: मार्लन सैमुल्स vs ENG, 2016 फाइनल
85 रन: केन विलियम्सन vs AUS, 2021 फाइनल
4- टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले तीसरे कीवी बल्लेबाज
123 रन: ब्रेंडन मैकुल्लम बनाम बांग्लादेश, 2012
104 रन: ग्लेन फिलिप्स बनाम श्रीलंका, 2022
100 रन नाबाद: फिन एलन बनाम साउथ अफ्रीका, 2026
5- टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के
20 छक्के: फिन एलन (2026, अभी तक)
19 छक्के: शिमरोन हेटमायर (2026)
18 छक्के: साहिबजादा फरहान (2026)
17 छक्के: निकोलस पूरन (2024)
16 छक्के: क्रिस गेल (2012)
16 छक्के: रहमनुल्लाह गुरबाज (2024)
न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार साउथ अफ्रीका को हराया
न्यूजीलैंड की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार साउथ अफ्रीका को हराकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 2007 से 2026 तक इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच कुल पांच मैच खेले गए थे और हर बार साउथ अफ्रीका ने ही जीत दर्ज की थी। इस सीजन के ग्रुप स्टेज में भी प्रोटियाज ने न्यूजीलैंड को मात दी थी, लेकिन सेमीफाइनल में कीवी टीम ने बाजी पलटते हुए पहली बार साउथ अफ्रीका को हराया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। गौरतलब है कि न्यूजीलैंड अब तक एक बार भी टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाया है, ऐसे में टीम के पास इस बार इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।

