पहले मिली मंजूरी, फिर राइफल पर लगी रोक; फाइनल से बाहर हुए ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर

0

नई दिल्ली : आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर के साथ बेहद चौंकाने वाली स्थिति देखने को मिली। प्रतियोगिता से पहले उनकी राइफल तकनीकी परीक्षण में पूरी तरह सही पाई गई थी, जिसके बाद उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। हालांकि बाद में हुई दोबारा जांच में उसी राइफल में तकनीकी खामी बताई गई और इसके चलते ऐश्वर्य को प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

एक ही दिन में मिली खुशी और बड़ा झटका

इस फैसले ने न सिर्फ उनके पदक जीतने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, बल्कि एशियाई खेलों के चयन की राह भी मुश्किल बना दी है। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर के लिए शुक्रवार 29 मई 2026 का दिन उम्मीदों और निराशा का मिश्रण लेकर आया। क्वालिफिकेशन दौर में शानदार प्रदर्शन कर पांचवें स्थान पर पहुंचने के बावजूद उन्हें फाइनल से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया। दो बार के ओलंपियन ऐश्वर्य सिंह तोमर ने क्वालिफिकेशन में 592 का मजबूत स्कोर बनाया था, लेकिन पदक दौर से पहले शीर्ष 10 निशानेबाजों की अनिवार्य उपकरण जांच में उनकी राइफल में खामी पाई गई।

जूरी ने खारिज की आईएसएसएफ की दलीलें

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के मुताबिक, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर पिछले एक साल से इसी राइफल का इस्तेमाल कर रहे थे। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले हुई पूर्व-जांच में राइफल को पूरी तरह सही पाया गया था और ऐश्वर्य ने क्वालिफिकेशन में भी इसी राइफल का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद की जांच में आईएसएसएफ तकनीशियनों ने राइफल की माप में गड़बड़ी बताई। भारतीय दल ने आईएसएसएफ जूरी के सामने अपील की। आईएसएसएफ ने कहा कि राइफल पहले से ही पास हो चुकी थी, लेकिन जूरी ने उनकी दलीलें खारिज कर दीं।

इस विवाद का एशियाई खेलों पर दिख सकता है प्रभाव

इस तकनीकी कारण से मिली अयोग्यता का प्रभाव एशियाई खेल के लिए ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर के चयन पर भी पड़ सकता है। आईएसएसएफ विश्व कप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और स्कोर को चयन प्रक्रिया में काफी अहम माना जाता है। ऐसी स्थिति में भारतीय निशानेबाजी संघ को दोबारा चयन ट्रायल आयोजित करने पर विचार करना पड़ सकता है। 25 वर्षीय ऐश्वर्य ने टोक्यो 2020 ओलंपिक और पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने शुक्रवार को म्यूनिख से बातचीत में बताया कि उनकी राइफल की एक प्लेट में बेहद मामूली तकनीकी दिक्कत थी, जो सामान्य तौर पर दिखाई नहीं देती, लेकिन माप के दौरान सामने आती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से पहले हुई जांच में अधिकारियों ने उन्हें खेलने की अनुमति दे दी थी और किसी तरह की परेशानी नहीं बताई गई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऐश्वर्य के मुताबिक, वह इसी राइफल का इस्तेमाल दिल्ली, कजाकिस्तान, दोहा और एशियाई चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में भी कर चुके हैं, जहां कभी कोई आपत्ति नहीं उठाई गई। हालांकि 29 मई को आईएसएसएफ ने उपकरण संबंधी कारण बताते हुए उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here