नई दिल्ली : हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन अब तक अच्छा नहीं रहा है। टीम में कई स्टार खिलाड़ी होने के बावजूद मुंबई इंडियंस जीत के लिए संघर्ष करती नजर आ रही है। रविवार को अपने घरेलू मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई को 18 रन से हराया, जो इस टीम की पिछले चार मैचों में तीसरी हार भी रही। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद अब सवाल उठ रहा है कि तीन मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस किस तरह प्लेऑफ में अपनी जगह बना सकती है और इसके लिए उसे आगे किन परिस्थितियों में जीत हासिल करनी होगी।
मुंबई ने इस सीजन में अब तक 4 मैच खेले हैं जिसमें इस टीम को 3 मैचों में हार मिली है और इस टीम के 2 अंक हैं। मुंबई और आरसीबी मुकाबले के बाद हार्दिक पंड्या की टीम अंकतालिका में 8वें नंबर पर है और जाहिर है इस टीम की स्थिति अच्छी तो कतई नहीं है। मुंबई को कुल 14 लीग मैच खेलने हैं जिसमें से इस टीम ने 4 मैच खेल लिए हैं और अब उसे 10 मैच और खेलने हैं। आईपीएल प्लेऑफ में पहुंचने के लिए किसी भी टीम को कम से कम 16 अंक की जरूरत होती है।
मुंबई इंडियंस पर बढ़ा दबाव, अब हर मैच बन गया है ‘करो या मरो’
मुंबई के इस वक्त 2 अंक हैं और उसे टॉप 4 में पहुंचने के लिए अभी 14 अंक की और जरूरत है और ये तभी होगा जब ये टीम अपने अगले 10 मैचों में से कम से कम 7 मैच जीते। अब सवाल ये है कि 10 में से 7 मैच जीतना क्या इस टीम के लिए आसान होगा। कहने या सुनने में ये बात शायद आसान लगे, लेकिन 10 में से 7 मैच जीतना वाकई मुश्किल काम है। मुंबई को पिछले 4 मैचों में अब अब तक दिल्ली, राजस्थान और आरसीबी ने हराया है और आने वाले मैचों में इस टीम का सामना अन्य सभी टीमों से होना है और वो सभी टीमें भी जीत के लिए जोर लगाएंगी यानी हार्दिक के लिए आगे की राह काफी मुश्किल होने वाली है।
रोहित शर्मा को हुई इंजरी
मुंबई और आरसीबी मुकाबले के मुंबई के स्टार बैटर रोहित शर्मा को हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से बीच पारी के दौरान ही मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। रोहित अच्छी बैटिंग कर रहे थे और उन्होंने 13 गेंदोें पर 19 रन बना लिए थे, लेकिन वो फिर मैदान से बाहर चले गए और दोबारा बैटिंग के लिए नहीं आए। अब रोहित की इंजरी कितनी गंभीर है और वो आगे कितने मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होगें या फिर कब वापसी करेंगे इस पर कुछ साफ नहीं है। रोहित का चोटिल होना मुंबई के अभियान के लिए बड़ा झटका है।
लगातार फ्लॉप हो रहे सूर्यकुमार और तिलक वर्मा, MI की बल्लेबाजी हुई कमजोर
मुंबई इंडियंस के लिए समस्या सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इस सीजन में ज्यादा प्रभावी नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि अन्य गेंदबाजों का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। आरसीबी ने इस टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जो गेंदबाजी की कमजोरी को साफ दर्शाता है। वहीं, टीम के प्रमुख बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी लगातार फॉर्म से जूझ रहे हैं और अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। इन खिलाड़ियों का खराब फॉर्म मुंबई इंडियंस के लिए एक बड़ी चिंता का कारण बना हुआ है।


