नई दिल्ली : भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रमेश पवार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जूनियर चयन समिति के चेयरमैन बन सकते हैं। भारतीय बोर्ड ने जूनियर चयन समिति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पवार पिछले सीजन गुजरात की सीनियर टीम के कोच थे, लेकिन हाल ही में उन्होंने आगे बढ़ने का फैसला किया। वह इससे पहले दो बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब उन्हें BCCI की जूनियर चयन समिति में नई भूमिका मिलने की संभावना है।
पवार का दूसरा कार्यकाल अचानक खत्म हो गया। उनको वीवीएस लक्ष्मण की अगुआई वाली पुरुष टीम के साथ स्पिन-बॉलिंग कोच के तौर पर काम करने के लिए नेशनल क्रिकेट एकेडमी में भेज दिया गया। मुंबई के इस ऑफ-स्पिनर ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे खेले हैं। तब से उन्होंने अलग-अलग लेवल पर कोचिंग की भूमिका निभाई है।
BCCI को जूनियर चयन समिति के लिए चाहिए 5 सदस्य
बीसीसीआई ने जूनियर चयन समिति में पांच पोस्ट के लिए आवेदन मांगे थे। हर पोस्ट को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी थीं। यह समिति भारत की जूनियर टीमों के लिए एक मजबूत टैलेंट पूल और बेंच स्ट्रेंथ बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। बीसीसीआई की प्रेस रिलीज के मुताबिक यह समिति घरेलू और इंटरनेशनल मैचों के जरिए खिलाड़ियों को खोजेगी, उनका आकलन करेगी और भारत और विदेश में कोचिंग कैंप, टूर और टूर्नामेंट के लिए टीमों के चुनाव और विकास में मदद करेगी।
युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने पर रहेगा जोर
यह समिति बीसीसीआई जूनियर टूर्नामेंट और विदेशी जूनियर टूर भी आयोजित करेगी। साथ ही जूनियर कॉम्पिटिशन के कंडक्ट और एडमिनिस्ट्रेशन से जुड़े मामलों को भी देखेगी। इसका काम युवा क्रिकेटरों में मजबूत नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना होगा, जिसमें सीनियर और पुराने खिलाड़ियों के साथ बातचीत करके ड्रग्स, बेटिंग और मैच-फिक्सिंग जैसे मुद्दों के बारे में जागरूकता फैलाना शामिल है।


