कैंपियन स्कूल के चार स्केटर्स का राष्ट्रीय आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए मध्यप्रदेश टीम में चयन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। कैंपियन स्कूल, अरेरा कॉलोनी के चार रोलर स्केटर्स का चयन 21वीं आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप 2026 के लिए मध्यप्रदेश टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्तराखंड के देहरादून पहुंच चुके हैं। यह चैंपियनशिप 25 से 30 जून तक देहरादून के हिमाद्री आइस स्केटिंग रिंक में आयोजित की जा रही है, जिसका आयोजन आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश टीम में चयनित कैंपियन स्कूल के खिलाड़ियों में ऋषिका शिंदे, संभव मिश्रा, प्रथमेश विश्वकर्मा और शॉन शेल्विन खलखो शामिल हैं। विद्यालय की सेकेंडरी कक्षाओं में अध्ययनरत ये चारों खिलाड़ी बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न आयु श्रेणियों और स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए प्रदेश और स्कूल का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले सभी खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं। वे कैंपियन स्कूल के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं कोच संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में आइस स्केटिंग की विशेष ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन को उम्मीद है कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश के लिए पदक जीतेंगे।

कैंपियन स्कूल के प्राचार्य फादर डॉ. अमृतलाल टोप्पो एस.जे., उप-प्राचार्य फादर फैबियानुस खलखो एस.जे. तथा शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रमुख जोंसी कोशी ने कोच संजय मिश्रा और चारों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here