नई दिल्ली : बोस्टन के जिलेट स्टेडियम में खेले गए 2026 फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फ्रांस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मोरक्को को 2-0 से पराजित कर लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। फ्रांस की जीत में किलियन एम्बाप्पे और उस्मान डेम्बेले ने अहम योगदान दिया। एम्बाप्पे ने 60वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि डेम्बेले ने दूसरा गोल दागकर जीत सुनिश्चित कर दी। उल्लेखनीय है कि कतर में आयोजित 2022 फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल में भी फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराया था और इस बार भी उसने उसी परिणाम को दोहराते हुए अंतिम चार में अपनी जगह बना ली।
इसके ठीक छह मिनट बाद डेम्बेले ने दूसरा गोल करके फ्रांस की बढ़त को दोगुना कर दिया। पहले हाफ में एम्बाप्पे ने पेनल्टी को गोल में बदलने से चूक गए, लेकिन इससे उनकी टीम को कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने दूसरे हाफ में एक शानदार गोल किया और फिर उस्मान डेम्बेले को असिस्ट भी किया। इस गोल के साथ, एम्बाप्पे आठ गोलों के साथ लियोनेल मेसी के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
मेसी से 1 गोल पीछे
एर्लिंग हालैंड उनसे एक गोल पीछे हैं। एम्बाप्पे कतर 2022 में हुए पिछले विश्व कप में भी गोल्डन बूट विजेता रहे थे। एम्बाप्पे 20 मैचों में 20 गोल के साथ वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल के मामले में मेसी से एक गोल पीछे हो गए हैं। मेसी ने छह टूर्नामेंट में 31 मैचों में 21 गोल किए हैं।
ब्राजील-जर्मनी के बाद फ्रांस ने भी रचा बड़ा इतिहास
फ्रांस लगातार तीसरी बार फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया है। इस उपलब्धि के साथ उसने ब्राजील और जर्मनी जैसे दिग्गज फुटबॉल देशों की विशिष्ट सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया। इससे पहले ब्राजील ने 1994, 1998 और 2002 विश्व कप में लगातार तीन बार अंतिम चार में जगह बनाई थी, जबकि जर्मनी ने 2002, 2006, 2010 और 2014 विश्व कप में लगातार चार बार सेमीफाइनल तक का सफर तय कर इतिहास रचा था। अब फ्रांस ने भी लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचकर अपनी मजबूत और निरंतर सफल फुटबॉल परंपरा का परिचय दिया है।


