इशान की सफलता से झारखंड की जीत तक: धोनी की रणनीति और शाहबाज नदीम का खुलासा

0

नई दिल्ली: झारखंड क्रिकेट इन दिनों सफलता के नए आयाम छू रहा है। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 की जीत इस सफलता में महत्वपूर्ण साबित हुई है और राज्य में क्रिकेट को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी। रांची के ही स्टार एमएस धोनी भी झारखंड क्रिकेट को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस बात का खुलासा झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने खुद किया है।

इशान किशन, कुमार कुशाग्र और विराट सिंह जैसे खिलाड़ियों ने झारखंड की जीत में अहम योगदान दिया, लेकिन इसके पीछे का दिमाग एमएस धोनी का था। सोशल मीडिया पर अक्सर ‘थाला फॉर ए रीजन’ का ट्रेंड वायरल होता है, और इस खुलासे ने यह साबित कर दिया कि वास्तव में धोनी की रणनीति और समझ ने टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीजन की शुरुआत से पहले ही पूर्व क्रिकेटर्स शाहबाज नदीम को स्टेट बोर्ड का संयुक्त सचिव और सौरभ तिवारी को सचिव बनाया गया था। नदीम ने अब टीम की सफलता को लेकर एक बड़ा राज खोला है। दरअसल जेएससीए ने रतन कुमार को झारखंड का हेड कोच और सनी गुप्ता को गेंदबाजी कोच बनाया गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाहबाज नदीम के मुताबिक, ये दोनों नियुक्तियां पूर्व कप्तान एमएस धोनी के सुझाव पर की गई थीं। ईएसपीएन क्रिकइंफो ने नदीम के बयान के हवाले से बताया, “जब हमने झारखंड की टीम का यह सीजन शुरू किया था, कोचिंग स्टाफ की नियुक्तियों में अभी तक हमेशा उनकी (एमएस धोनी की) सलाह और सुझाव लिए जाते रहे हैं।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नदीम ने अपने बयान में आगे बताया, “वह (धोनी) हमेशा झारखंड की टीम में गहरी दिलचस्पी रखते हैं और चाहते हैं कि टीम बेहतरीन प्रदर्शन करे। यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि कोई बड़ा खिलाड़ी आपकी टीम पर इतनी बारीकी से ध्यान दे रहा हो। मैं आपको बताता हूं, उन्होंने हर मैच को काफी करीब से फॉलो किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट (SMAT) को फॉलो किया और खिलाड़ियों की कमजोरियों और ताकतों पर विस्तार से चर्चा की। उन्हें टीम के हर एक खिलाड़ी के आंकड़े पता हैं और वह झारखंड क्रिकेट को आगे बढ़ाने में गहरी दिलचस्पी दिखाते हैं।”

गौरतलब है कि झारखंड ने हाल ही में पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब इशान किशन की कप्तानी में जीता। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में 11 में से 10 मुकाबले अपने नाम किए और लीग स्टेज में अपने ग्रुप में टॉप पर रही। कप्तान इशान किशन ने 10 पारियों में 517 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर बने। इस शानदार प्रदर्शन का नतीजा यह रहा कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में भी शामिल किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here