वैभव से लेकर श्रेयस तक, इन खिलाड़ियों को मिल सकता है टी20 टीम में मौका

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम जून और जुलाई में आयरलैंड तथा इंग्लैंड के अहम दौरे पर जाने वाली है। टीम इंडिया पहले जून में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जबकि इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा लेगी। इन दोनों दौरों को ध्यान में रखते हुए शनिवार को अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति मुंबई में बैठक करेगी। इस बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम के साथ-साथ सितंबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भी संभावित भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाया जा सकता है जबकि तिलक वर्मा टीम के उप-कप्तान हो सकते हैं। चुकी सूर्यकुमार यादव की अब टी20 टीम से भी छुट्टी हो चुकी है ऐसे में टीम में मध्यक्रम में एक जगह खाली हो जाएगी जिससे श्रेयस अय्यर का रास्ता साफ हो जाएगा।

भारतीय टी20 टीम में वैभव की एंट्री की चर्चा तेज

उम्मीद ये की जा रही है कि साल 2026 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखा जाएगा। हर्षित राणा अब तक फिट नहीं हुए हैं ऐसे में वो टीम में नहीं होंगे वहीं प्रिंस यादव को टीम में जगह दी सकती है। इस बात की भी संभावना है कि प्रसिद्ध कृष्णा की टीम में वापसी हो जाए। हार्दिक पांड्या की जगह भी खतरे में पड़ सकती है क्योंकि वह फिटनेस से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इससे नीतीश कुमार रेड्डी के लिए जगह बन सकती है।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन के जरिए भारतीय टी20 टीम का दरवाजा खटखटा दिया है और इस दौरे के लिए माना जा रहा है कि उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है। वैभव को अगर मौका मिलता है तो वो भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। वहीं टी20 वर्ल्ड कप में तिलक वर्मा ने जिस तरह से फिनिशर की भूमिका निभाई थी उसके बाद रिंकू सिंह की जगह पर सवाल उठ सकते हैं।

कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षऱ पटेल जैसे स्पिनरों के टीम में होने से भारत को यूके में चौथे स्पिन गेंदबाजी विकल्प की जरूरत पड़ने की संभावना कम ही है ऐसे में वाशिंगटन सुंदर को टीम में जगह मिलती है तो ये काफी हैरानी वाली बात होगी। वैसे टीम का कप्तान कौन होगा ये साफ नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि इस दौर में इशान किशन भी आगे चल रहे हैं। अब ये शनिवार को ही साफ होगा कि कौन भारतीय टी20 टीम का अगला कप्तान होगा।

आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की संभावित टी20 टीम

संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी/हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज/जसप्रीत बुमराह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here