नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का चयन रविवार (24 नवंबर) को किया गया। नियमित कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर के उपलब्ध न होने की स्थिति में ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा लगभग दो साल बाद वनडे टीम में लौटे हैं। साथ ही ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा को भी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद एक बार फिर वनडे स्क्वाड में शामिल किया गया है। दूसरी ओर, अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज को इस बार टीम में जगह नहीं मिली।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में 30 नवंबर को पहले वनडे की बात करें तो भारत की प्लेइंग 11 में जगह बनाने के लिए कुछ खिलाड़ियों में सीधी लड़ाई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि गिल अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग कौन करेगा? यशस्वी जायसवाल के अलावा ऋतुराज गायकवाड़ विकल्प हैं।
राइट-लेफ्ट बैटिंग कॉम्बिनेशन पर फोकस
गिल की गैरमौजूदगी में टीम प्रबंधन आमतौर पर यशस्वी जायसवाल को बैकअप ओपनर मानता है, ऐसे में उन्हें मौका मिलने की पूरी संभावना बनती है। हालांकि हालिया फॉर्म को देखते हुए ऋतुराज गायकवाड़ को नज़रअंदाज करना बिल्कुल आसान नहीं होगा। साउथ अफ्रीका A के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 3 पारियों में 105 के औसत से 210 रन ठोके थे, जो उनके पक्ष में एक बड़ा फैक्टर है।
जायसवाल की सबसे बड़ी बढ़त उनका लेफ्ट-हैंडर होना है। माना जाता है कि कोच गौतम गंभीर दाएं और बाएं हाथ के संयोजन को काफी अहमियत देते हैं। ऐसे में रांची में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग स्लॉट पर यशस्वी नजर आएँ, तो हैरानी नहीं होगी।
जुरेल और तिलक में से किसे मिलेगा मौका?
दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली नंबर 3 पर खेलते दिखेंगे। श्रेयस अय्यर की अनुपलब्धता में मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल में से दो खिलाड़ियों को प्लेइंग 11 में जगह मिलेगी। इनमें से पंत का खेलना तय है क्योंकि कप्तानी की जिम्मेदारी संभालते हुए केएल राहुल शायद ही विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभलाते दिखें। जुरेल का चयन बतौर बल्लेबाज हुआ है। ऐसे में जुरेल और तिलक में से किसी एक खिलाड़ी को मौका मिलेगा।
जडेजा-सुंदर की मौजूदगी से जुरेल को मिल सकता है फायदा
भारतीय परिस्थितियों में ऑलराउंडर के रूप में रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर को शामिल किए जाने की पूरी संभावना है। दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं, ऐसे में टीम संतुलन बनाए रखने के लिए ध्रुव जुरेल को प्लेइंग 11 में जगह मिल सकती है। वहीं, यदि नितीश रेड्डी को टीम में शामिल किया जाता है, तो तिलक वर्मा को मौका मिलने की संभावना बढ़ जाती है क्योंकि वह पार्ट-टाइम स्पिन गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं। तेज गेंदबाजी में गहराई बढ़ाने के लिए हर्षित राणा को अर्शदीप सिंह के साथ उतारा जा सकता है। अर्शदीप इस मैच में मुख्य तेज गेंदबाज की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह।


