आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, तीरंदाजी केंद्र को मिले आधुनिक उपकरण

0

NST NEWS, मंडला.  स्कूली बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026” का भव्य समापन बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।  जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी विकास खराड़कर ने बताया कि प्रदेशभर में आयोजित इस शिविर से एक लाख से अधिक बच्चे जुड़े। मंडला जिले में 1 से 31 मई तक आयोजित शिविर में 1,760 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिले में कुल 21 खेलों के प्रशिक्षण शिविर लगाए गए, जिनमें 41 प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।

समापन समारोह में एरोबिक्स, योग, कथक, वुशु और कराटे के आकर्षक प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया। खिलाड़ियों द्वारा तैयार खेल मैदानों के मॉडल और खेल प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहे। मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं।

इस अवसर पर तीरंदाजी फीडर सेंटर के लिए आधुनिक खेल उपकरणों का लोकार्पण भी किया गया। मंत्री ने स्वयं तीरंदाजी में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।  शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 खिलाड़ियों को छह माह की नि:शुल्क फिटनेस सेंटर सदस्यता प्रदान की गई, जबकि सभी प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और 5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here