NST NEWS, इंदौर। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में जबलपुर रॉयल लायंस और रॉयल निमाड़ ईगल्स ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मैच में जबलपुर रॉयल लायंस ने उज्जैन फाल्कंस को पांच विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने मालवा स्टैलियंस को आठ विकेट से शिकस्त दी। उज्जैन फाल्कंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 210 रन बनाए। सोहम पटवर्धन ने 50 और आर्यन पांडे ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि माधव तिवारी ने 52 गेंदों पर नाबाद 92 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें नौ चौके और छह छक्के शामिल रहे।

211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन आकाश सिंह ने 40 रन बनाकर टीम को संभाला। इसके बाद ऋतिक टाडा ने मात्र 32 गेंदों पर नाबाद 91 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 11 चौके और छह छक्के लगाए। कप्तान राहुल बाथम ने भी 23 गेंदों पर नाबाद 46 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी की बदौलत टीम ने 18.4 ओवर में 212 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
दिन के दूसरे मुकाबले में मालवा स्टैलियंस की टीम रॉयल निमाड़ ईगल्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17.5 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। कप्तान आशुतोष शर्मा ने 38 और पार्थ साहनी ने नाबाद 27 रन बनाए। ईगल्स की ओर से परुष मंडल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2.5 ओवर में 11 रन देकर पांच विकेट झटके। सारांश जैन ने दो विकेट लिए।

114 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल निमाड़ ईगल्स ने हिमांशु मंत्री की 27 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत 13.1 ओवर में दो विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। कनिष्क दुबे और आनंद बैस ने टीम को जीत तक पहुंचाया। मैच के बाद परुष मंडल ने कहा कि टीम के लिए पांच विकेट लेना उनके लिए खास उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि टीम को अपनी क्षमताओं पर पूरा भरोसा था और खिलाड़ी चैंपियन की तरह प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


