(NST News) भोपाल. रोहित नगर स्थित टर्फ जोन प्रो-2 में शनिवार 2 अगस्त को फुटसल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व विधायक और भोपाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह ने किया। इस मौके पर कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे, जिनमें मध्य प्रदेश बैंक एम्प्लॉई एसोसिएशन के महासचिव वी.के. शर्मा और भोपाल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव शांतिलाल जैन प्रमुख थे। आयोजनकर्ता श्री जे.पी. झवर ने सभी का स्वागत किया। शुभारंभ समारोह के दौरान ध्रुव नारायण सिंह का पुष्पहार और बुके से स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने टर्फ जोन की बहु-खेल संरचना और एस्ट्रोटर्फ की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। वी.के. शर्मा ने बताया कि ध्रुव नारायण सिंह स्वयं एक अच्छे क्रिकेटर रह चुके हैं, इसलिए वे खेल की भावना को गहराई से समझते हैं।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों और अतिथियों की उपस्थिति लगभग 150 रही। दोनों टीमों XTREME FC A और KOLAR FC का मैदान पर परिचय कराया गया। खिलाड़ियों ने भी मुख्य अतिथि को बुके भेंट कर उनका सम्मान किया। सिंह ने मैदान पर पहुंचकर फुटबाल किक मारकर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन मैच में XTREME FC A ने KOLAR FC को हराकर जीत दर्ज की। आयोजन के अंत में जे.पी. झवर ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और विशेष रूप से सागर ग्रुप, सोम ग्रुप और एलआईसी प्रबंधन को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का समापन खेल भावना और उत्साह के साथ हुआ।


