भोपाल जापान में आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी, भोपाल के छह खिलाड़ियों का चयन किया गया है। खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश के खेल जगत में खुशी का माहौल है। चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारतीय टीम में अकादमी के गोलकीपर आयुष रजक, डिफेंडर अंश बहुत्रा और करण गौतम, मिडफील्डर अवि माणिकपुरी तथा फॉरवर्ड खिलाड़ी सिद्धार्थ बेन और गाजी खान को जगह मिली है। इन खिलाड़ियों ने हाल ही में भोपाल में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 हॉकी सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था।
उल्लेखनीय है कि 15 से 20 मई तक उदय दास मेहता (भाईजी) सेंट्रल साई सेंटर, भोपाल में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर और चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसी शिविर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबलों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया गया।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रदेश में विकसित बेहतर खेल सुविधाओं का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी जापान में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी लगातार राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार कर रही है और अब हॉकी में प्रदेश तेजी से नई पहचान बना रहा है।


