गुजरात का जलवा, एशियन गेम्स 2026 के भारतीय दल में रिकॉर्ड 9 खिलाड़ियों को जगह

0

गांधीनगर : जापान के ऐची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए भारतीय दल में गुजरात के रिकॉर्ड 9 एथलीटों का चयन हुआ है। इसके अलावा राज्य का एक खिलाड़ी रिजर्व के रूप में भी टीम का हिस्सा रहेगा। यह गुजरात के खेल इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

इससे पहले एशियन गेम्स 2014 में भारतीय दल में गुजरात के केवल तीन एथलीट शामिल थे। ऐसे में इस बार राज्य से खिलाड़ियों की संख्या तीन गुना बढ़कर नौ हो जाना गुजरात में खेलों के तेजी से हो रहे विकास का संकेत है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राज्य के अधिकारियों का कहना है कि यह चयन विभिन्न खेलों में गुजरात की बढ़ती ताकत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी मजबूत होती मौजूदगी को दर्शाता है।

गुजरात से चुने गए एथलीटों में शूटर एलावेनिल वालारिवन, टेबल टेनिस खिलाड़ी हरमीत देसाई, मानव ठक्कर, और मानुष शाह, सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी अनिकेत पटेल, तैराक आर्यन नेहरा, टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना और वैदेही चौधरी, और स्प्रिंटर (धावक) देवयानी जाला शामिल हैं। टेनिस खिलाड़ी जिल देसाई को रिजर्व के तौर पर चुना गया है।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि एशियन गेम्स 2026 के लिए राज्य के खिलाड़ियों का रिकॉर्ड प्रतिनिधित्व खेलों के विकास में किए गए दीर्घकालिक निवेश का परिणाम है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गुजरात के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संघवी ने कहा, “जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब खेल महाकुंभ और शक्तिदूत योजना जैसी कई महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई थीं। उन्हीं प्रयासों का सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहा है। गुजरात तेजी से खेलों के क्षेत्र में एक वैश्विक पावरहाउस के रूप में उभर रहा है।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संघवी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार एक बड़ा खेल इकोसिस्टम बनाने पर फोकस कर रही है। हम न सिर्फ एथलीट को ट्रेनिंग दे रहे हैं, बल्कि ऐसा इकोसिस्टम बना रहे हैं जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने में सक्षम बनाए।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उपमुख्यमंत्री ने कहा, “गुजरात 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। विश्वस्तरीय खेल संरचना विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। पिछले एक दशक में ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स में गुजरात का हिस्सा लगातार बढ़ा है।”

अधिकारियों के अनुसार, शूटिंग, टेबल टेनिस, टेनिस, स्विमिंग, एथलेटिक्स और सॉफ्ट टेनिस जैसे विविध खेलों में गुजरात के खिलाड़ियों का चयन इस बात का प्रमाण है कि राज्य अब केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। विभिन्न खेलों में बढ़ती भागीदारी और सफलता यह दर्शाती है कि गुजरात भारतीय खेलों में अपना दायरा लगातार बढ़ा रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here