नई दिल्ली : मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को लेकर आईपीएल 2026 के बाद से लगातार अटकलों का दौर जारी है। उनके मुंबई इंडियंस से अलग होने और किसी दूसरी फ्रेंचाइजी में जाने की खबरें सामने आती रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस में वापसी की इच्छा जताई थी। हालांकि, गुजरात टाइटंस ने उनकी इस मांग को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद हार्दिक के अगले आईपीएल सीजन में किस टीम का हिस्सा होंगे, इसको लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
गुजरात टाइटंस को 2022 में आईपीएल चैंपियन बनाने वाले हार्दिक पंड्या 2024 में वापस मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक ने वापस गुजरात टाइटंस में जाने की इच्छा जाहिर की थी, मगर उन्होंने कप्तान बने रहने की मांग की थी। वहीं फ्रेंचाइजी ने मौजूदा कप्तान शुभमन गिल पर भरोसा जताया और हार्दिक की इस डील को अस्वीकार कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात टाइटंस हार्दिक पंड्या की टीम में वापसी के लिए तैयार थी। फ्रेंचाइजी ने इस संबंध में कप्तान शुभमन गिल से भी चर्चा की थी और वह भी हार्दिक की वापसी के लिए सहमत बताए गए। हालांकि, जब हार्दिक की ओर से कप्तानी की शर्त रखी गई तो फ्रेंचाइजी ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उनकी गुजरात टाइटंस में वापसी की संभावना खत्म हो गई। इस मामले में गुजरात टाइटंस के प्रतिनिधि से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
हार्दिक के भविष्य पर नया अपडेट, ‘किसी फ्रेंचाइजी से नहीं हुई बातचीत’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या के प्रवक्ता ने इन अटकलों पर सफाई देते हुए कहा कि हार्दिक ने अब तक किसी भी फ्रेंचाइजी से ट्रांसफर ट्रेड को लेकर सीधे तौर पर बातचीत नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रवक्ता के मुताबिक, किसी फ्रेंचाइजी ने भी हार्दिक से इस संबंध में सीधी बात नहीं की है। यदि किसी टीम ने हार्दिक से संपर्क करने की इच्छा जताई है, तो उसे मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी से बात करने के लिए कहा गया है।
यह खबर पहले ही सामने आ चुकी थी कि मुंबई इंडियंस का टीम मैनेजमेंट हार्दिक पंड्या को अगले सीजन के लिए कप्तान के रूप में बरकरार रखने के लिए तैयार नहीं है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की 14 में से 10 मैचों में हार के बाद यह मामला गर्माया था। टीम सीजन के अंत में 9वें नंबर पर रही थी। इस मामले पर पहले ही यह रिपोर्ट साझा की गई थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,”कोचिंग स्टाफ सभी सीनियर खिलाड़ियों को दिए गए अपने संदेश में साफ कर चुका था कि वह जहां भी खेलें, उन्हें प्रशिक्षण योग्य होना चाहिए। कई ऐसे मामले सामने आए थे कि कोचिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों को कुछ सलाह दी थी लेकिन उसे माना नहीं गया था।”
गौरतलब है कि हार्दिक पंड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी भी विवादों से घिरी रही थी। रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक को टीम की कमान सौंपे जाने के फैसले पर फैंस के एक वर्ग ने नाराजगी जताई थी। मैदान पर भी हार्दिक को हूटिंग का सामना करना पड़ा था। उनके कप्तान बनने के बाद टीम के भीतर माहौल को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं सामने आई थीं। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस उस सीजन अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही थी। हालांकि, 2025 में टीम ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया, लेकिन 2026 में उसका प्रदर्शन फिर निराशाजनक रहा और टीम नौवें स्थान पर रही।


