ग्वालियर में जूनियर महिला हॉकी का महासंग्राम आज से, 12 अकादमियां राष्ट्रीय खिताब के लिए करेंगी मुकाबला

0

NST NEWS, ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार से चौथी हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप-2026 (जोन ए एवं बी) का आगाज होगा। 24 जुलाई से 3 अगस्त तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देश की 12 शीर्ष जूनियर महिला हॉकी अकादमियां भाग लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी में किया जा रहा है, जहां देशभर की उभरती प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगी। टूर्नामेंट में सभी टीमों को दो पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल में छह-छह टीमें हैं और लीग चरण में हर टीम अपने पूल की अन्य टीमों से मुकाबला करेगी। दोनों पूल की शीर्ष दो टीमें 2 अगस्त को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि 3 अगस्त को तीसरे स्थान के मुकाबले के बाद फाइनल खेला जाएगा।

पूल-ए में राजा करण हॉकी अकादमी, खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात हॉकी अकादमी, हॉकी फैमिली बड़खालसा एनसीआर हॉकी सोसायटी, तमिलनाडु हॉकी अकादमी और प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी (सोनीपत) शामिल हैं। वहीं पूल-बी में रितु रानी हॉकी अकादमी, वडीपट्टी राजा हॉकी अकादमी, भाई बेहलो हॉकी अकादमी भगता, मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन, अडयार हॉकी अकादमी और मेजबान मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी चुनौती पेश करेंगी।

लीग चरण में जीत पर तीन अंक, ड्रॉ पर एक अंक और हार पर कोई अंक नहीं मिलेगा। नॉकआउट मुकाबलों में बराबरी की स्थिति होने पर एफआईएच नियमों के अनुसार शूटआउट से विजेता का फैसला किया जाएगा।  हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप देश में महिला हॉकी के जमीनी विकास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुकी है। इस प्रतियोगिता के जरिए युवा खिलाड़ियों को देश की सर्वश्रेष्ठ अकादमियों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलता है, जिससे उनके खेल में निखार आता है और भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होते हैं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि अकादमियां युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं, बल्कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी प्रदान करती हैं। उद्घाटन दिवस पर सुबह 7:30 बजे राजा करण हॉकी अकादमी और खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर) के बीच पहला मुकाबला होगा। इसके बाद स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात और प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी आमने-सामने होंगी। दिन के अंतिम मुकाबले में शाम 4:30 बजे मेजबान मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी का सामना भाई बेहलो हॉकी अकादमी भगता से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here