मस्कट (ओमान)। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 में भारतीय अंडर-16 पुरुष और महिला टीमों ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए एक और शानदार जीत दर्ज की। महिला टीम ने कजाखस्तान को 10-0 से करारी शिकस्त दी, जबकि पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 8-3 से हराया। महिला वर्ग में नौशीन नाज़ ने चार गोल दागे, जबकि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ संदीपा कुमारी ने हैट्रिक लगाई। किरण एक्का, नीलम टोपनो और पुष्पा मांझी ने भी एक-एक गोल कर भारत की एकतरफा जीत में योगदान दिया। पुरुष वर्ग में कप्तान और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ केतन कुशवाहा ने चार गोल कर जीत के नायक बने। शाहरुख अली, रोमित पाल, प्रह्लाद राजभर और राहुल यादव ने भी गोल किए। बांग्लादेश की ओर से सोहराब सोटोन ने दो और एमडी होसेन ने एक गोल किया। महिला टीम अब 24 जुलाई को चीन और उज्बेकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि पुरुष टीम की टक्कर मेजबान ओमान और पाकिस्तान से होगी। यह टूर्नामेंट उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है।


